महोबा। कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित विभागीय योजनाओं, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना व एक जनपद एक उत्पाद मार्जिन मनी योजना की समीक्षा बैठक हुई। ऋण वितरण में लापरवाही मिलने पर सीडीओ भड़क गए। उन्होंने लापरवाह और लाभार्थियों को अनावश्यक रूप से परेशान करने वाले बैंक प्रबंधकों पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश जिला उद्योग केंद्र के आयुक्त विमल द्विवेदी को दिए।
बैठक में सीडीओ डॉ. हरिचरन सिंह ने योजनाओं की समीक्षा की। लक्ष्यों के अनुरूप स्वीकृतियां किए जाने के बाद भी ऋण वितरण में लापरवाही उजागर हुई। बैठक में सीडीओ ने क्रशर उद्यमियों की समस्याओं पर चर्चा की। क्रशर यूनियन के संरक्षक रामकिशोर सिंह ने बताया कि जिले में गिट्टी लेने आने वाले ट्रकों को पकड़े जाने पर प्रशासन द्वारा खनिज विभाग, परिवहन विभाग व वाणिज्य विभाग से कार्रवाई कराकर डेढ़ लाख तक का जुर्माना वसूला जा रहा है। ऐसे में ट्रक महोबा क्रशर मंडी में आना बंद करते जा रहे है। उन्होंने समस्या के निस्तारण के लिए तीनों विभागों की बैठक उद्यमियों के साथ बुलाने के निर्देश दिए।