महोबा। केंद्र व राज्य सरकार की लाभार्थीपरक योजनाओं को गति प्रदान करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने अवधेश कुमार तिवारी ने जिले के सभी बैंकर्स के साथ बैठक कर समीक्षा की। इस दौरान बैंकों द्वारा ऋण वितरण में घोर लापरवाही किए जाने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। साथ ही दोबारा शिकायत करने पर कार्रवाई के लिए शासन स्तर पर प्रस्ताव भेजने की चेतावनी दी।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा की। समीक्षा में पाया कि बैंकों द्वारा ऋण वितरण में लापरवाही बरती जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लाभार्थियों को साक्षात्कार के बाद ही ऋण के लिए सहमति प्रदान की जाती है, फिर भी बैंकर्स ऋण देने में रुचि नहीं लेते हैं। उन्होंने बैंकर्स को योजनाओं के तहत ऋण वितरण में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। डीएम ने सभी बैंकर्स को निर्देश दिए कि साक्षात्कार के बाद भेजे जाने वाले प्रकरणों में किसी भी प्रकार का विलंब न करें। जिन लाभार्थियों या किसानों के ऋण स्वीकृत हो गए हैं, उनको तत्काल ऋण वितरित किया जाए। इस कार्य को आभियान चलाकर पूरा किया जाए। बैठक में सीडीओ हीरा सिंह, डीडीओ आरएस गौतम, डीडीएम केके सोनी, एलडीएम अनूप सिंह, जीएमडीआईसी विमल द्विवेदी, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी संतराम आदि बैंकर्स मौजूद रहे।