{"_id":"6585cf4469c29160f0052f77","slug":"anti-narcotics-team-caught-ganja-worth-rs-218-crore-two-arrested-mahoba-news-c-12-1-knp1080-518980-2023-12-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"Mahoba News: एंटी नार्कोटिक्स टीम ने पकड़ा 2.18 करोड़ का गांजा, दो गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Mahoba News: एंटी नार्कोटिक्स टीम ने पकड़ा 2.18 करोड़ का गांजा, दो गिरफ्तार
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर (महोबा)। छत्तीसगढ़ प्रांत की राजधानी रायपुर से जनपद हमीरपुर के कस्बा मौदहा ट्रक में भरकर भारी मात्रा में गांजा ले जाने की सूचना पर डीआईजी एंटी नार्कोटिक्स के निर्देश पर लगाई गई टीम ने पीछा कर ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक में खाद की बोरियों के बीच दबाकर रखा गया चार क्विंटल 20 किलो गांजा बरामद हुआ। जिसकी कीमत दो करोड़ 18 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने ट्रक चालक व परिचालक को गिरफ्तार किया है।
एंटी नार्कोटिक्स टीम और स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है। एंटी नार्कोटिक्स डीआईजी लखनऊ अब्दुल हमीद को सूचना मिली कि रायपुर से एक ट्रक में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना पर डीआईजी ने 11 सदस्यीय टीम का गठन किया। शुक्रवार की दोपहर एंटी नार्कोटिक्स टीम प्रभारी चंदन पांडेय के नेतृत्व में सदस्यों ने तीन गाड़ियों से ट्रक का पीछा किया। यूपी-एमपी की सीमा पर कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग के कैमाहा बॉर्डर व बेलाताल तिराहा के पास टीम ने ट्रक रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने रफ्तार और बढ़ा दी।
विज्ञापन
तब टीम के सदस्यों ने घेराबंदी करके हाईवे पर बिलखी तिराहे के पास ट्रक रोक लिया। जांच करने पर ट्रक में खाद की बोरियां लदी मिलीं। बोरियों को अलग कराने पर बीच में भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। ट्रक से चार क्विंटल 20 किलो गांजा बरामद होने की सूचना पर अपर एसपी सत्यम, सीओ हर्षिता गंगवार, प्रभारी थानाध्यक्ष कन्हैया यादव मौके पर पहुंच गए। ट्रक से गांजा उतरवाकर श्रीनगर थाने में रखवाया गया। पुलिस ने ट्रक चालक रामेश्वर रैकवार और नरेश रैकवार निवासीगण भंडरा थाना श्रीनगर को गिरफ्तार किया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। गांजा किसके यहां जा रहा था।
विज्ञापन
पुलिस इसके सुराग में जुट गई है। टीम प्रभारी ने बताया कि मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। अपर एसपी सत्यम ने बताया कि ट्रक से बरामद गांजा की अंतरराष्ट्रीय कीमत दो करोड़ 18 लाख रुपये है। रायपुर से गांजा लाने की सूचना मिली थी। दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।