महोबा। थाना खरेला के पाठा गांव में ससुरालीजनों पर नवविवाहिता को प्रताड़ित करते हुए जान से मारने की कोशिश का आरोप है। पीड़िता ने गला दबाकर मारपीट करने की तहरीर दी। कार्रवाई न होने पर पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई। एसपी के आदेश पर महिला थाने में पति समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
थाना खन्ना के ग्योड़ी निवासी काजल सिंह ने एसपी प्रबल प्रताप सिंह को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी शादी 13 मई 2025 को पाठा गांव निवासी शिवम सिंह परिहार के साथ हुई थी। शादी के बाद से उसके पति शिवम सिंह, ससुर प्रकाश सिंह व सास सुमन सिंह ने दहेज में एक लाख रुपये और कुछ सामान कम देने की बात कही। पहली विदाई में ही दोबारा दहेज लाने की धमकी दी। आरोप है कि दोबारा आने पर दहेज को लेकर पति, सास-ससुर ने पीटकर उसका पैर तोड़ दिया। माता-पिता और रिश्तेदारों के बीच पंचायत हुई। पंचायत के बाद कुछ दिन अच्छी तरह से रखा लेकिन फिर से दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे। 29 नवंबर को पिता के सामने पति, सास और ससुर ने जान से मारने की नियत से उसका गला दबाया और पिटाई की। एसपी के आदेश पर पुलिस ने पति, सास व ससुर पर दहेज उत्पीड़न समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। महिला थानाध्यक्ष निकिता शुक्ला का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है।