नौतनवा। पड़ोसी राष्ट्र नेपाल को सामग्री निर्यात के लिए जाने वाले मालवाहक ट्रकों से उत्पन्न समस्या बढ़ती ही जा रही है। इसका खामियाजा स्थानीय नागरिकों एवं राहगीरों के साथ चालकों को भी भुगतना पड़ रहा है। कोई तीन तो कोई पांच दिनों से कतार में है। उधर, राष्ट्रीय राजमार्ग के एक लेन पर पूरी तरह से मालवाहक वाहनों का ही कब्जा होने के कारण किसी तरह दूसरे लेन से ही आवागमन हो पा रहा है। ऐसे में पूरे दिन जहां जाम की स्थिति बनी हुई है।
हाइवे पर आड़े-तिरछे खड़े ट्रकों से कभी भी किसी बड़ी दुर्घटना के घटित होने की संभावना भी लगातार हुई है। वर्तमान में ट्रकों की कतार भारत-नेपाल की सोनौली सीमा से लगाए सोनौली और नौतनवा कस्बा होते हुए करीब 15 किलोमीटर तक पहुंच गई है। नेपाल में नवरात्र, दशहरा एवं भाई टीका पर्व बहुत ही विशेष महत्व रखता है, जिसे नेपाल मूल के निवासी वृहद स्तर पर खरीदारी कर बड़े ही उत्साह के साथ मनाते हैं। ऐसे में इन सामग्रियों की पूर्ति को देखते हुए विशेषकर इस सीजन में मांग दोगुनी हो जाती है। नतीजन बाकी दिनों की अपेक्षा निर्यातक ट्रकों की संख्या में बढ़ोतरी होने से कागजी प्रक्रियाएं समय से पूर्ण नहीं हो पाती। इन दिनों नेपाल भंसार कार्यालय भी तकनीकी समस्याओं से जूझ रहा है। जिसके कारण कार्य धीमी गति से चल रहा है।