फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Maharajganj News ›   Swatantradev singh direction on meeting

ईमानदारी पूर्वक दायित्वों का निर्वहन करें अधिकारी

Fri, 08 Jul 2022 12:36 AM IST
Gorakhpur Bureau गोरखपुर ब्यूरो
Updated Fri, 08 Jul 2022 12:36 AM IST
विज्ञापन
Swatantradev singh direction on meeting
ईमानदारी से दायित्वों का निर्वहन करें अधिकारी : स्वतंत्र देव सिंह
विज्ञापन

महराजगंज। देश के प्रधान सेवक व प्रदेश के मुखिया अथक रूप से गरीबों, शोषितों व वंचितों सहित सभी वर्ग के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। हम सबकी भी जिम्मेदारी है कि हम गरीबों के विकास में सहभागी बनें। जिले में तैनात अधिकारी भी ईमानदारी पूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करना सुनिश्चित करें। वे स्वप्रेरणा से राष्ट्र हित में कार्य करें और कम से कम एक काम बिना किसी सरकारी फंड के व्यक्तिगत प्रयास से करें।
यह बात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न विभागों के 100 दिन के निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति की समीक्षा के दौरान कही। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने अधीनस्थ का सम्मान करें व टीम भावना से काम करना सुनिश्चित करें। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने भी भाजपा के 100 दिन के लक्ष्य की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल से सीधे तौर पर आमजन को लाभ मिला है। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने विभागों की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य पूर्ण हो चुका है, लैंड पोर्ट के लिए भूतल पर कार्य जल्द शुरू होगा। सोहगीबरवां वन्यजीव प्रभाग में जंगल सफारी व मधवलिया गोसदन में गो-अभ्यारण्य की स्थापना प्रस्तावित होने की बात कही। मेडिकल कॉलेज निर्माण, राजकीय जनजाति संग्रहालय की स्थापना की मंजूरी मिलने समेत 100 प्रतिशत उपलब्धि वाले योजनाओं की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने कानून व्यवस्था की उपलब्धियों व मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने महराज ब्रांड के तहत बन रहे स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद की जानकारी दी। इस दौरान भाजपा के सभी विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल समेत अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।
विज्ञापन

--------
विधायकों ने समस्याओं से मंत्री को कराया अवगत
पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, सिसवा विधायक प्रेमसागर पटेल व नौतनवां विधायक ऋषि त्रिपाठी ने भी क्षेत्रीय समस्याओं के संबंध में मंत्री को अवगत कराया, जिस पर उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को एक सप्ताह में समस्या को निस्तारित कर जनप्रतिनिधियों को अवगत कराने का निर्देश दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

मंत्री ने जल आपूर्ति के बारे में पूछा
मिठौरा। जल शक्ति मंत्री ने मिठौरा बाजार में ओवरहेड टैंक का निरीक्षण किया। उपस्थित रबड़ा देवी और बेचना देवी से जलापूर्ति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिशासी अभियंता से कनेक्शन धारकों की संख्या पूछा तो उन्होंने बताया कि अभी तक ग्राम सभा में 50 घरों में कनेक्शन हुआ है। सिंदुरिया चौराहे पर आने पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मिठौरा राम हरख गुप्त के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जल शक्ति मंत्री का स्वागत किया।
-------------
कार्यों के दम पर जीतेंगे निकायों के चुनाव
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पार्टी अपने कार्यों के दम पर इस साल होने वाली निकाय चुनाव को जीतने का कार्य करेगी। पार्टी वर्ष 2024 को लक्ष्य बनाते हुए जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। पात्रता के आधार पर योजनाओं का लाभ व्यक्तियों को दिलाया जाए, जिससे कि वर्ष 2024 में एक बार फिर भाजपा की सरकार बने व सुशासन को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने कहा कि हाल में हुए उपचुनाव के परिणाम ने परिवारवाद की राजनीति करने वालों को सबक सिखाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि जिले में बाढ़ बचाव से जुड़े सभी कार्य बेहतर ढंग से कराए जा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी जनता की सेवा करने पर जोर देने को कहा।
बांध की मरम्मत के लिए धन की नहीं होगी कमी : स्वतंत्र देव
निचलौल। नेपाल की पहाड़ियों से निकली नारायणी नदी स्थित बी-गैप बांध पर इस वर्ष हुए मरम्मत कार्य का निरीक्षण करने बृहस्पतिवार को प्रदेश के जलशक्ति मंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह पहुंचे। जहां उन्होंने बी-गैप के ठोकर संख्या नौ, 11, 12 और 13 के अलावा लिंक तथा नेपाल बांध का निरीक्षण किया।
उन्होंने ठोकर, स्पर व पारकुपाइन की स्थिति देखी। बिहार के बाल्मीकि नगर से नेपाल में प्रवेश करने पर सिसवा विधायक प्रेमसागर पटेल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार व पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ तथा नेपाल राष्ट्र के नवलपरासी जिलाधिकारी श्रवण कुमार पोखरेल व पुलिस अधीक्षक ऋषिराम कंडेल ने नेपाल में स्वागत किया। उसके बाद जल शक्ति मंत्री सबसे पहले ठोकर संख्या नौ पर पहुंचे। जहां उन्होंने ठोकर की स्थिति को देखा। जिस दौरान सिंचाई खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता राजीव कपिल ने बताया कि इस बांध का निर्माण वर्ष 1962 में कराया गया था। जिसके बाद से समय-समय पर मरम्मत कार्य होता है। आखिरी बार काम वर्ष 2017 में कराया गया था। अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2003 में नारायणी नदी में छह लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। जिसके बाद से इसकी क्षमता बढ़ाकर छह लाख क्यूसेक कर दिया गया। इसके बाद उन्होंने ठोकर संख्या 11, 12 व 13 का निरीक्षण किया। जहां ठोकर संख्या 13 के पास नदी के पाटा में जमे सिल्ट सफाई की जानकारी लेते हुए मंत्री ने उसे साफ करने की बात कही। जिस पर अधिकारियों ने बताया कि वह क्षेत्र बिहार में आता है। अंत में उन्होंने नेपाल बांध के ठोकर संख्या पांच का निरीक्षण किया। जिस पर कुछ दिन पूर्व की कार्य पूर्ण होना बताया गया। जहां ठोकर व पारकुपाइन सहित अन्य मरम्मत कार्य में चार करोड़ 26 लाख रुपये का कार्य कराया गया है। सभी बांधों के निरीक्षण के बाद जलशक्ति मंत्री ने कार्य के प्रति संतोष जताया।

------------
नेपाल के जनप्रतिनिधियों ने बांध ऊंचा करने की मांग की
नेपाल राष्ट्र के नारायणी नदी पर बी-गैप बांध का निरीक्षण करने पहुंचे जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह से मिलकर नेपाल के जनप्रतिनिधियों व सामाजिक कार्यकर्ता ने बांध की मजबूती, ऊंचाई व जलनिकासी की व्यवस्था ठीक करने की मांग की। प्रतापपुर गांव पालिका अध्यक्ष उमेश चंद्र यादव ने पत्र देकर मांग की कि गंडक नहर के पास स्थित गांव प्रतापपुर, अठीलहीं, सूर्यपुरा और बैदौली पुल की मरम्मत कराई जाए। सभी लिंक साइफन, ड्रेनेज की सफाई करायी जाए, ए गैप को 50 मीटर और लंबा बनाया जाए, बी गैप को करीब दो मीटर और ऊंचा करने की मांग की। गंडक नदी नियंत्रण संघर्ष समिति के अध्यक्ष दूधनाथ गुप्ता ने कहा कि नारायणी नदी पर बी गैप बांध की छह लाख क्यूसेक पानी सहने का बताया जाता है, लेकिन चार लाख क्यूसेक पानी आने पर बाढ़ आ जाती है। इसलिए बांधों को और ऊंचा किया जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed