मांगें पूरी करने को लेकर एम्बुलेंस चालकों ने किया प्रदर्शन
महराजगंज। जीवनदायनी स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर मंगलवार को जिला अस्पताल परिसर में प्रदर्शन किया। कर्मियों ने कहा कि उन्हें रखने वाली कंपनी नियमित तौर पर शोषण कर रही है। यदि उनका शोषण बंद नहीं हुआ तथा मांगें पूरी नहीं हुई तो स्वास्थ्य सेवा से जुड़े 102 वाहन का संचालन ठप होगा।
जिलाध्यक्ष अभिषेक चौरसिया ने कहा कि भुगतान करने वाले जिम्मेदारों द्वारा चालकों के पारिश्रमिक को हर महीने काटा जा रहा है। समय से कर्मियों का भुगतान भी नहीं किया जा रहा। प्रदेश कमेटी के निर्णय पर सभी लोगों ने निर्णय लिया है कि 102 वाहन को खड़ा कर दिया जाए। 108 वाहन से सिर्फ इमरजेंसी केस को ही देखा जाएगा। इस दौरान यदि कोई घटना घटती है तो इसके जिम्मेदार संबंधित कंपनी के लोग होंगे। वहीं 108 नंबर एंबुलेंस के जिला प्रभारी नौमीनाथ ने बताया कि आरोप बेबुनियाद हैं। कर्मियों के समस्याओं को लेकर गंभीरता बरती जाती है। एंबुलेंस कर्मियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष संजय चौधरी, विपिन तिवारी, संजय वर्मा, अरविंद चौधरी, मंजूर, राहुल, रवि, अनिल मिश्रा, रविभूषण मौजूद रहे।