महराजगंज। मौसम का उतार चढ़ाव वायरल फीवर के साथ हड्डियों की पीड़ा दे रहा। बुखार से जूझ रहे अधिकतर पीड़ितों को हड्डियों की असहनीय पीड़ा इन दिनों झेलनी पड़ रही है। चिकित्सकों के मुताबिक, खानपान में कैल्शियम की अनदेखी के कारण हड्डियों का दर्द व कम उम्र में हड्डियों के क्षरण जैसी समस्या आ रही है। शुक्रवार हड्डियों में दर्द की समस्या लेकर 24 रोगी ओपीडी में पहुंचे जिन्हें पहले वायरल ने जकड़ा अब हड्डियां पीड़ा दे रही हैं। चिकित्सकों ने जांच रिपोर्ट के मुताबिक दवा व परामर्श दिया।
शुक्रवार को खराब मौसम के बाद भी 813 रोगियों का उपचार जिला अस्पताल की ओपीडी में हुआ। सर्वाधिक वायरल से पीड़ित मरीजों की संख्या रही। वायरल फीवर की समस्या के बाद हड्डियों में दर्द व झनझनाहट की समस्या लेकर कुल 24 रोगी पहुंचे। जांच में पता चला कि बुखार के दौरान पोषण युक्त भोजन न करने के कारण हड्डियों में कैल्शियम की मात्रा कम होने से यह समस्या आ रही है। ऐसे रोगियों की जांच रिपोर्ट डाॅ. विकास ने कहा कि वायरल के समय पोषण युक्त भोजन न करने के कारण यह समस्या उत्पन्न हो रही क्योंकि कैल्शियम के घटने से हड्डी में दर्द व क्षरण जैसी समस्या लोगों को हो रही। ऐसे में वायरल के दौरान कैल्शियम युक्त भोजन से दूरी न रखें। डेयरी उत्पाद (दूध, दही, घी, मट्ठा) इत्यादि के सेवन की निरंतरता बनाए रखें। कैल्शियम के लिए अंडे का नियमित सेवन लाभप्रद है। बताया कि हड्डियों में ऐसी समस्या होने पर खुद ही कैल्शियम की दवा का उपयोग न करें क्योंकि शरीर में कैल्शियम को अवशोषित करने के लिए भी व्यवस्था आवश्यक है। इसलिए समस्या है जो जांच कराकर चिकित्सक की सलाह जरूर लें और उनकी हिदायत का अनुपालन करें।