Gorakhpur: माफिया सुधीर सिंह की 201 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति जब्त, जल्द खाली कराई जाएगी जमीन
माफिया सुधीर सिंह पर गोरखपुर के अलावा लखनऊ में भी केस दर्ज हैं। उसके खिलाफ कुल 39 केस दर्ज हैं। शाहपुर में डकैती और लूट, कैंट में हत्या, गुलरिहा में डकैती और हत्या की कोशिश, शाहपुर में गैंगस्टर व आर्म्स एक्ट के केस दर्ज हैं। लखनऊ के विकास नगर थाना में भी सुधीर के खिलाफ हत्या की कोशिश और आपराधिक साजिश का केस दर्ज है।
विस्तार
जानकारी के मुताबिक, गीडा पुलिस ने शनिवार को सहजनवां तहसील क्षेत्र के कालेसर और गीडा में स्थित पांच जमीनों को जब्त किया। सीओ रत्नेश्वर सिंह, तहसीलदार राकेश कुमार कन्नौजिया की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। पुलिस माफिया सुधीर सिंह के गिरोह पर गैंगस्टर की कार्रवाई कर पहले ही तीन बार संपत्ति जब्त कर चुकी है। इसमें गोरखपुर शहर में एल्युमिनियम फैक्ट्री के पास का मकान और बैंक खाते को सीज कर दिया गया था। बाद में पुलिस को उसकी अवैध अन्य संपत्तियों के बारे में जानकारी हुई। पता चला कि उसने दान पत्र पर लोगों को धमका कर जमीन ले ली है।
पुलिस ने ब्योरा जुटाया तो ऐसी 400 करोड़ रुपये कीमत की संपत्ति का पता चला जो सुधीर सिंह और उसके परिवार के नाम पर अभी बची हैं। इसके लिए डीएम से 14 (1) के तहत कार्रवाई की सिफारिश की गई थी। डीएम के आदेश पर एसपी नार्थ मनोज कुमार अवस्थी, तहसीलदार भानू प्रताप सिंह सहित भारी मात्रा में महिला-पुरुष बल के साथ कार्रवाई की गई। माफिया की जमीन खाता संख्या 56/264, 56/527, 56/610, 267/536, 96/424 को जब्त किया गया है।
जमीन जब्त करने के पहले पुलिस ने डुगडुगी पिटवाकर माफिया की करतूत को आसपास के लोगों को भी बताया। बीते दिनों प्रशासन व पुलिस की टीम ने सुधीर सिंह की 100 करोड़ पांच लाख रुपये की संपत्ति को जब्त किया था।