ललितपुर। महरौनी क्षेत्र में ग्राम निवारी में होने वाली चोरी के मामले में एसओजी की टीम ने चोरी के सोने-चांदी के जेवरात और 28, 230 रुपये नकदी के साथ तीन आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों को ग्राम पचौड़ा नहर की पुलिया से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने पुलिस लाइन सभागार में बताया कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए एक टीम का गठित किया गया था। जिसके तहत एसओजी और महरौनी पुलिस की टीम ने बुधवार को सुबह साढ़े नौ बजे ग्राम पचौड़ा नहर की पुलिया के पास तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें एक आरोपी थाना नाराहट के ग्राम बरेजा निवासी जितेंद्र सिंह के कब्जे से एक लॉकेट, पांच गुरिया पीली धातु सोने की एवं नकद 9030 रुपये व एक नीला स्वेटर, दूसरे आरोपी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नेहरूनगर निवासी शाहरुख खान के पास से एक जोड़ी पायल, छह जोड़ी बिछिया, एक ताबीज, एक सफेद धातु की अंगूठी व नकद 9600 रुपये और तीसरे आरोपी नेहरू नगर निवासी छोटू राजा पुत्र लाल सिंह के पास से एक मोबाइल व 9600 रुपये बरामद किया गया। इस प्रकार कुल बरामदगी 28 हजार 230 रुपये नकदी और सोने का मंगलसूत्र व चांदी के जेवरात, एक स्वेटर व एक मोबाइल आरोपियों के कब्जे से बरामद किया गया। इसकी चोरी के संबंध में महरौनी थाने मेें 31 जनवरी को अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। अभियुक्तों से पूछताछ करने पर माल बरामदगी के आधार पर धाराएं बढ़ाई गईं। पकड़े गए अभियुक्तों ने ग्राम निवारी निवासी नीरज के मकान में घुसकर 63 हजार रुपये नकदी, सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल व स्वेटर आदि चोरी की थी। पीड़ित द्वारा बरामद हुए सामान की शिनाख्त की गई है। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में एसओजी प्रभारी जितेंद्र सिंह चंदेल, उपनिरीक्षक राजबाबू, हेड कांस्टेबल शत्रुंजय, अमित पाठक, तेज प्रताप, अरुण त्रिपाठी, सलाउद्दीन, थाना महरौनी में तैैनात उपनिरीक्षक गुलाब सिंह, प्रशांत राजपूत, रामनरेश गोचर, प्रदीप कुमार शामिल रहे।