ललितपुर। थाना बार पुलिस ने चेकिंग के दौरान ग्राम देवरान से चोरी की इमारती लकड़ी के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उक्त लोग चोरी छिपे कीमती लकड़ी काटकर बेचते थे।
अपर पुलिस अधीक्षक गिरजेश कुमार ने मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में पत्रकार वार्ता कर बताया कि थाना बार पुलिस द्वारा सोमवार को अपराध नियंत्रण को चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान ग्राम देवरान में एक पिकअप वाहन में चोरी की कीमती लकड़ी भरी जाने की जानकारी मिली। जिस पर बार पुलिस की टीम ने ग्राम देवरान में अरविंद यादव के मकान के पास से एक पिकअप वाहन में तीन आरोपियों ग्राम देवरान निवासी कल्लू प्रजापति, जयराम प्रजापति और दीपक को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे में पिकअप वाहन में 130 बोटा खैर की लकड़ी (वजन करीब 30 क्विंटल) बरामद की गई। वहीं, मौके से एक अन्य आरोपी ग्राम पुलवारा निवासी चार्लीराजा फरार हो गया। बताया कि चार्ली राजा पूर्व में भी थाना में अवैध लकड़ी की तस्करी के मामले दर्ज हैं। वह पर वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। पकड़े गए तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना बार पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। आरोपियों को पकड़ने वाली टीम में थानाध्यक्ष अंजनी कुमार सिंह, उपनिरीक्षक वेदप्रकाश मिश्र, छत्रपाल, इमरतलाल शामिल रहे।