ललितपुर: किशोरी को ले गया दूसरे समाज का युवक, परिजनों ने लड़के के घर-दुकान में तोड़फोड़ कर लगाई आग
आरोपियों ने लड़के के परिजनों से मारपीट भी की। पीड़ित परिवार की शिकायत पर 11 नामजदों समेत 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
थाना पाली के एक गांव में किशोरी को भगा ले जाने के मामले में परिवारजनों ने दूसरे समाज के आरोपी युवक के परिवारजनों के साथ मारपीट करते हुए उसके घर व दुकान पर जमकर हंगामा मचाया। किशोरी के घरवालों ने युवक के परिवार के घर में तोड़फोड़ कर सामान बाहर फेंक दिया और घर व दुकान में आग लगा दी। युवक की दादी किसी प्रकार थाने पहुंच सकी।
थाना पाली पुलिस ने 11 नामजद समेत 12 आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। गांव में कई थानों का फोर्स तैनात कर दिया गया है। थाना पाली के एक गांव में दो दिन पहले एक युवक दूसरे समाज की एक किशोरी को ले गया था। इसके बाद किशोरी के परिजनों की तहरीर पर थाना पाली पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
गांव में डेढ़-दो घंटे तक मचाया उत्पाद
इसके बाद भी किशोरी के परिजनों और उसके समाज के लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उन्होंने शनिवार की रात को युवक के समाज के लोगों के घर पहुंचकर जमकर मारपीट की और दुकान में तोड़फोड़ करके आग लगा दी। साथ ही घरों की दीवार तोड़ते हुए सामान बाहर फेंक दिया। उन्होंने गांव में देर रात एक से डेढ़ घंटे तक जमकर उत्पात मचाया।
कई थानों का फोर्स गांव में तैनात
उपद्रवियों की संख्या अधिक होने के कारण कोई भी उन लोगों को बचाने के लिए आगे नहीं बढ़ सका। उनके जाने के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस को सूचना दी और किसी प्रकार मुख्यालय पहुंचकर घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दी। मामले की जानकारी लगने पर सीओ पाली के नेतृत्व में थाना पाली, नाराहट और बालाबेहट से भारी पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश करनी शुरू कर दी है।