बार(ललितपुर)। थाना बार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लड़वारी में खेत पर किसान की अचानक हालत बिगड़ गई अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। बार अस्पताल से मेमो मिलने पर थाना बार पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना बार के ग्राम लड़वारी स्थित जैन मंदिर के पास निवासी गुलाब सिंह यादव गांव में ही खेती किसानी करते हैं और उन्होंने इस बार उड़द की फसल बोई थी। बृहस्पतिवार की सुबह करीब सात बजे वह अपने खेत पर गए थे कि वहां अचानक उनकी हालत बिगड़ गई और वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। करीब पंद्रह मिनट बाद जब उनका बेटा रवि वहां पहुंचा तो पिता को अचेत पड़ा देख उसने आसपास के लोगों व अन्य परिजनों को बुलाया और पिता को लेकर बार स्थित सीएचीसी पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। बार स्थित अस्पताल से मेमो मिलने पर थाना बार पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के छोटे भाई हाकिम सिंह ने बताया कि उसके भाई के पास तीन एकड़ खेती की जमीन है। उसने इस बार उड़द की फसल बोई थी, लेकिन खेत में बोया बीज नष्ट हो गया, जिससे वह कुछ दिनों से परेशान चल रहा था। उसने संभावना जताई कि फसल खराब होने के कारण उसकी सदमे में मौत हुई है। मृतक के दो बेटा व एक बेटी है और वह चार भाइयों में दूसरे नंबर का था।