सात लाख की जमानत पर छोड़ा सीज माल
ललितपुर। असिस्टेंट वाणिज्यिक कमिश्नर सचल दल ने चेकिंग में बिना ट्रांजिट पास एक ट्रक माल पकड़े जाने पर सीज कर दिया था। उक्त माल को सात लाख रुपये जमानत राशि जमा कराकर छोड़ा गया।
शिवानी रोड कैरियर इंदौर के ट्रक संख्या (एमएच-40- एन 7321) को सागर की ओर से ललितपुर आते समय असिस्टेंट कमिश्नर हरिकेश सिंह व सचल दल ने रोका। उक्त वाहन में बीस टन तुअर की दाल लोड थी। माल के प्रपत्र वर्धा से दिल्ली के लिए बनाए गए थे। वाणिज्य कर की धारा 52 के अनुसार माल की बहती पर ट्रांजिट पास नहीं बनवाया गया था। इस पर नोटिस जारी किया गया।
नोटिस के जवाब में भी लोड माल का ट्रांजिट पास बहती नहीं बनवाई गई। इस पर वाणिज्य कर विभाग सचल दल द्वारा माल को सीज कर दिया गया। 17.50 लाख रुपये के माल पर विभाग द्वारा सात लाख रुपये की जमानत जमाकर उसे छोड़ दिया। सचल दल द्वारा उक्त ट्रांसपोर्ट के ललितपुर गोदाम की जांच कर दो नग स्टील बर्तन बिना प्रपत्र के पाए गए। इस पर 25 हजार रुपये के माल पर दस हजार रुपये की जमानत राशि जमा कर माल अवमुक्त किया गया।