छापेमारी में 13 किलो पॉलिथीन जब्त और साठ हजार रुपये जुर्माना
ललितपुर। नगर पालिका परिषद ने विभिन्न बाजारों में छापेमारी कर 13 किलोग्राम पॉलिथीन जब्त की और साठ हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला। इस दौरान कई दुकानों को डस्टबिन नहीं रखना महंगा पड़ गया। नगर पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी मधुसूदन जायसवाल की अगुवाई में बाजारों में पॉलिथीन के खिलाफ अभियान चलाया गया। कटरा बाजार स्थित दुकानदार अशोक जैन की दुकान पर दो किलोग्राम पॉलिथीन पकड़ी गई। इसी बाजार में दीपक जैन की दुकान पर दो किलो नब्बे ग्राम पॉलिथीन पाई गई। जिस पर दस हजार रुपये का जुुर्माना वसूला गया। दिलीप जैन की दुकान पर तीन सौ पचास ग्राम पॉलिथीन पाई गई। सुभाषपुरा स्थित संजय जैन की दुकान के आसपास कचरा मिला। वहीं, सुदेश जैन की दुकान के बाहर भी यही हाल रहा। जिनेंद्र जैन की दुकान पर चार किलोग्राम पॉलिथीन पाई गई। मनीष डोडवानी की दुकान पर छह किलो तीन सौ ग्राम पॉलिथीन मिली। जिस पर 25 हजार रुपये का शमन शुल्क लिया गया। इस तरह कुल 13 किलोग्राम पॉलिथीन पकड़ी गई साथ ही साठ हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। छापामार दल में सफाई और खाद्य निरीक्षक संदीप कुमार, कर निरीक्षक आशुतोष, ड्रिस्टिक कोर्डिनेटर पंकज, जितेंद्र चंदेल, स्वास्थ्य नायक हेड संजू आदि साथ रहे।