ललितपुर। बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट में कोविड-19 से प्रभावित बच्चों को आर्थिक सहयोग के लिए चलाई गई उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा कि या गया। शुभारंभ का सीधा प्रसारण राज्यमंत्री श्रम व सेवायोजन मनोहर लाल पंथ, सदर विधायक रामरतन कुशवाहा व जिलाधिकारी अन्नावि दिनेशकुमार की अध्यक्षता में दिखाया गया।
राज्यमंत्री ने कोरोना में दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित कर कहा कि कोरोना काल में असहाय हुए बच्चों की सहायता के लिए मुख्यमंत्री द्वारा योजना चलाई गई है। इसमें ऐसे बच्चे जिन्होंने अपने माता-पिता या अभिभावकों को खो दिया है। इस सहायता से ये बच्चे निराश्रित या असहाय नहीं रहेंगे। सदर विधायक ने बच्चों के भविष्य की कामना करते हुए कहा योजना के माध्यम से प्रतिमाह चार हजार रुपये कोरोना महामारी के दौरान अपने अभिभावकों व संरक्षकों को खोने वाले बच्चों को दिए जाएंगे। सरकार द्वारा इन बच्चों का हमेशा सहयोग किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री व राज्यपाल द्वारा योजना का शुभारंभ हो रहा है। योजना का उद्देश्य कोरोना में असहाय हुए बच्चों को आर्थिक सहायता प्रदान करना है। इसकी निगरानी जिला प्रोबेशन अधिकारी द्वारा की जाएगी। योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए एक समिति गठित की जाएगी। उन्होंने कहा बच्चों को कोई भी समस्या है तो प्रोबेशन कार्यालय में शिकायत करें। जिला प्रशासन द्वारा इस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए सहायता की जाएगी। अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण ग्रसित परिवारों को जो क्षति हुई है, उसकी भरपाई नहीं की जा सकती है, लेकिन महामारी के दौरान प्रभावित परिवारों के साथ शासन-प्रशासन की संवेदनाएं सदैव बनी रहेंगी, साथ ही ऐसे परिवारों के बच्चों की जिला प्रशासन द्वारा समस्या होने पर सदैव सहायता की जाएगी। तत्पश्चात राज्यमंत्री, सदर विधायक व जिलाधिकारी द्वारा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत पात्र बच्चों को स्वीकृति पत्र वितरित किए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार मिश्र, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुरेंद्र कुमार पटेल, जिला सूचना अधिकारी पीयूषचंद्र राय आदि अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।