लखीमपुर खीरी। मौसम के तेवर का आकलन करने में मौसम विभाग के पूर्वानुमान धराशाई हो रहे हैं। वहीं मौसम के जानकार भी नवंबर के अंतिम सप्ताह में बढ़ते तापमान को देखकर हैरान हो रहे हैं। क्योंकि सुबह-शाम ठंड है, लेकिन दिन में अच्छी धूप भी निकल रही है। इससे दिन में गर्म कपड़े पहनना मुश्किल हो जाता है। अधिकतम तापमान का पारा भी नीचे के बजाय ऊपर की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार दिनों तक मौसम ऐसे ही सामान्य रहेगा और तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
इसे ग्लोबल वार्मिंग का असर ही कहेंगे, जो नवंबर के आखिरी दिनों में रविवार को अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहा। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार से गुरुवार तक मौसम साफ रहेगा और अधिकतम तापमान भी 26 डिग्री के आसपास स्थिर रहने का अनुमान है। तराई क्षेत्र को छोड़कर शेष सभी जगहों पर कोहरा नहीं पड़ा, बल्कि सुबह से ही धूप खिली। इससे आम लोगों को ठंड से राहत मिली, वहीं दोपहर में गर्म कपड़े उतारने की नौबत आ गई। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि अभी चार-पांच दिनों तक मौसम ऐसे ही सामान्य रहेगा, क्योंकि पहाड़ों की ओर से अभी हवाएं नहीं चली हैं। चार-पांच दिन बाद मौसम में बदलाव आने के साथ ही तापमान में गिरावट आ सकती है। संवाद