{"_id":"62278323758ab9036b7ab540","slug":"up-police-engaged-in-investigation-of-murder-a-watchman-posted-in-degree-college-beating-by-stick","type":"story","status":"publish","title_hn":"लखीमपुर खीरी: डंडे से पीटकर चौकीदार की हत्या, कॉलेज में मिला शव, इसलिए सवालों के घेरे में मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
लखीमपुर खीरी: डंडे से पीटकर चौकीदार की हत्या, कॉलेज में मिला शव, इसलिए सवालों के घेरे में मौत
Tue, 08 Mar 2022 09:54 PM IST
आकाश दुबे
संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी
संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी
Published by: आकाश दुबे
Updated Tue, 08 Mar 2022 09:54 PM IST
सार
जानकारी के अनुसार लखीमपुर गोला मार्ग पर स्थित गिरजा दयाल राजेंद्र बाजपेयी महाविद्यालय के परिसर में सकतापुर गांव निवासी चौकीदार संतराम 62 वर्ष का खून से लथपथ शव मिला। एसपी संजीव सुमन, एएसपी अरुण कुमार सिंह, सीओ सिटी अरविंद वर्मा ने मौका मुआयना किया और मामले में प्रभारी निरिक्षक राकेश सिंह यादव को रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : फाइल फोटो
विस्तार
लखीमपुर खीरी में फरधान थाना क्षेत्र के सकतापुर गांव के पास स्थित डिग्री कॉलेज में बतौर चौकीदार काम कर रहे चौकीदार संतराम (62) की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह शव कॉलेज के परिसर में खून से लथपथ मिला। पास में ही एक खून से सना डंडा भी बरामद हुआ है। बेटे की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन
मंगलवार की सुबह 7 बजे के करीब लखीमपुर गोला मार्ग पर स्थित गिरजा दयाल राजेंद्र बाजपेयी महाविद्यालय के परिसर में सकतापुर गांव निवासी चौकीदार संतराम 62 वर्ष का खून से लथपथ शव मिला। परिजन को जानकारी उस वक्त हुई जब संतराम के घर न पहुंचने पर बेटा दीपक (35) उनका पता लगाने के लिए महाविद्यालय पहुंचा। पिता को लहूलुहान अवस्था में देखकर उसके होश उड़ गए।
विज्ञापन
मृतक के पुत्र दीपक ने बताया कि उसके पिता संतराम कई वर्षों से महाविद्यालय में चौकीदार की नौकरी करते थे। बताया कि वह रोज शाम छह बजे से लेकर सुबह सात बजे तक नाइट ड्यूटी करते थे। हमेशा की तरह सोमवार शाम भी वह महाविद्यालय में ड्यूटी करने के लिये गए थे, लेकिन मंगलवार सुबह 7 बजे तक वह घर नहीं लौटे तो परिजन चिंतित हो गए। बेटे दीपक ने बताया कि अपने पिता की तलाश करते हुए वह महाविद्यालय पहुंचा था, जहां पर खून से लथपथ उनका शव देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी।
विज्ञापन
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया। छानबीन के दौरान मौके से पुलिस ने खून से सना डंडा भी बरामद किया है। उधर, एसपी संजीव सुमन, एएसपी अरुण कुमार सिंह, सीओ सिटी अरविंद वर्मा ने मौका मुआयना किया और मामले में प्रभारी निरिक्षक राकेश सिंह यादव को रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिये। पुलिस ने मृतक संतराम के बेटे दीपक की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
हत्यारों से बचाव को किया संघर्ष
संतराम की हत्या के बाद जहां शव पड़ा मिला, उस जगह पर मिट्टी में ताजे घिसटने के निशान थे। शव से चंद कदम दूर दोनों चप्पल पड़े थे। वहीं सिर के पास खून से सना तीन से चार फीट का लंबा मोटा डंडा भी पड़ा मिला। इसके अलावा पास में ही एक टूटा हुआ टाला और एक प्लास भी पड़ा मिला है। घटनास्थल को देखकर लगता है कि हत्यारों से संतराम ने कुछ देर संघर्ष किया होगा। उधर, फल काटने वाला चाकू भी कमरे के बंद गेट पर मिला है। मौके पर डॉग स्कॉयड टीम ने भी पहुंचकर इलाके की छानबीन की, जबकि फिंगर एक्सपर्ट टीम ने घटनास्थल के फिंगर प्रिंट भी लिए।
कहीं कोई राजदार तो नहीं थे संतराम?
संतराम की हत्या के बाद जिस तरीके से मौके से साक्ष्य बरामद हुए हैं, उससे आशंका है कि जरूर संतराम के पास कोई राज होगा, जिसे छिपाने के लिए उसकी हत्या की गई है। यहां बता दें कि महाविद्यालय में बीते दिनों एक जनरेटर चोरी चला गया था, जिसका आजतक खुलासा नहीं हो सका है। आशंका जताई जा रही है कि कहीं इसे चुराने वालों को संतराम जान तो नहीं गया था।
गांव वाले बताते हैं कि संतराम बहुत सीधा व्यक्ति था। उसकी किसी से दुश्मनी भी नहीं थी।
इसलिए सवालों में मौत
महाविद्यालय में बिना चोरी हुए ही केवल उसकी हत्या हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, पत्नी के निधन के बाद अपने दोनों पुत्रों दीपक कुमार और छोटे के साथ खुशी से रह रहा था। जीवन यापन के लिए महाविद्यालय में चौकीदार की नौकरी करता था। संतराम के पुत्र दीपक के अनुसार, उसकी और उसके पिता की किसी से कोई ऐसी दुश्मनी भी नहीं थी कि ऐसी घटना हो सके। घटना के बार पूरे परिवार को रो रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस महाविद्यालय का एक जनरेटर कुछ महीने पहले चोरी हो गया था। उस समय भी संतराम ही चौकीदार था, जिसका खुलासा आज तक नहीं हो सका है। कहीं संतराम जनरेटर की चोरी करने वालों को तो नहीं जान गया था, जिसकी वजह से उसकी हत्या की गई हो। एसपी संजीव सुमन ने बताया कि ब्लाइंड मर्डर है। दो-तीन सुराग मिले हैं, जिन पर पुलिस काम कर रही है। मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज हुई है। जल्द ही मामले का खुलासा होगा।