UP Nikay Chunav 2023: लखीमपुर खीरी में पोलिंग पार्टियों की रवानगी, 480 बूथों पर मतदान कल
लखीमपुर खीरी में निकाय चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को मतदान होना है। इसके लिए बुधवार सुबह तय स्थल से पोलिंग पार्टियों की रवानगी शुरू हो गई। जिले में चुनाव को लेकर 116 मतदान केंद्र पर 480 बूथ बनाए गए हैं।
विस्तार
लखीमपुर खीरी में निकाय चुनाव को लेकर मंगलवार शाम को प्रचार बंद हो गया। बुधवार सुबह सात बजे से पोलिंग पार्टियों की रवानगी शुरू हो गई। नगर पालिका लखीमपुर एवं पंचायत खीरी व ओयल के लिए राजापुर मंडी से पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं। जबकि अन्य पालिका व पंचायतों के लिए संबंधित तहसील, ब्लॉक मुख्यालय व स्कूलों से रवाना की गईं।
12 मतदान केंद्र और 54 बूथों की होगी वेब कास्टिंग
जिला प्रशासन ने चुनाव को लेकर 116 मतदान केंद्र पर 480 बूथ बनाए गए हैं। इसमें 37 केंद्र और 138 बूथ सामान्य हैं। जबकि 39 केंद्र व 170 बूथ संवेदनशील, 28 केंद्र के 118 बूथ अतिसंवेदनशील की श्रेणी में रखे गए हैं। वहीं 12 केंद्र के 54 बूथ अतिसंवेदनशील प्लस चिह्नित हैं।
यहां से रवाना हुई पोलिंग पार्टियां
एडीएम संजय सिंह ने बताया कि लखीमपुर नगर पालिका, ओयल एवं खीरी टाउन नगर पंचायत के लिए पोलिंग पार्टियां लखीमपुर मंडी समिति से रवाना की गईं। नगर पालिका गोला के लिए गोला मंडी से, मोहम्मदी के लिए मोहम्मदी मंडी एवं पलिया के लिए मंडी पलिया से रवाना हुईं। वहीं धौरहरा के लिए तहसील धौरहरा, निघासन के लिए जिला पंचायत इंटर कॉलेज, भीरा के लिए मंडी पलिया और बरवर के लिए मंडी समिति मोहम्मदी, सिंगाही के लिए ब्लॉक सभागार निघासन, मैलानी के लिए मंडी समिति गोला से पोलिंग पार्टियों की रवानगी हुई।
इस रंग के होंगे बैलेट पेपर
निकाय चुनाव में मतदान के दौरान मिलने वाले बैलेट पेपर का रंग राज्य निर्वाचन आयोग ने निर्धारित कर दिया है। एडीएम संजय कुमार सिंह ने बताया कि नगरपालिका परिषद लखीमपुर, गोला गोकर्णनाथ, मोहम्मदी एवं पलिया के अध्यक्ष पद का बैलेट पेपर हरे रंग का और नगर पंचायत खीरी, ओयल ढकवा, बरबर, मैलानी, धौराहरा, भीरा, सिंगाही, निघासन के अध्यक्ष पद का बैलेट पेपर सफेद रंग का है। निकाय सदस्य पद के लिए मिलने वाला बैलेट पेपर गुलाबी रंग का है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.