Lakhimpur Kheri: बस्ती के हिस्ट्रीशीटर समेत दो लुटेरे गिरफ्तार, बैंकों के बाहर करते थे चोरी-लूट की वारदात
बस्ती जिले का हिस्ट्रीशीटर मनोज बिहार के कटिहार निवासी अपने साथी के साथ मिलकर लखीमपुर और आसपास के जिलों में लूट व चोरी की वारदात कर रहा था। पुलिस ने सोमवार सुबह दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में कई घटनाओं का खुलासा हुआ है।
विस्तार
लखीमपुर खीरी में मोहम्मदी थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से दो लाख 15 हजार रुपये, बाइक और तमंचा व कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपियों में मनोज कुमार उर्फ राहुल बस्ती और किशोर बिहार के कटिहार जिले का रहने वाला है। दोनों वर्तमान में भटपुरवा कॉलोनी थाना गोला (लखीमपुर खीरी) में रहते थे। पुलिस ने सोमवार सुबह गोमती पुल के पास से दोनों को गिरफ्तार किया।
लूट की घटना के अनावरण के लिए 40 सीसीटीवी फुटेज बैंक से लेकर और आने जाने वाले रास्ते तक के खंगाले गए, जिसमें कई स्थानों से इनके फुटेज प्राप्त हुए। टीम ने विभिन्न स्थानों पर जाकर जानकारी जुटाई। दोनों आरोपी बैंकों में जाकर वृद्ध/ कमजोर व्यक्ति को चिन्हित करते थे, जो पैसे निकाल रहे हों। बैंक में घुसते समय हमेशा इनमें से एक के पास कोई न कोई एक थैला रहता था, जिसमें पासबुक रहती थी, ताकि जरूरत पड़ने पर यह बता सके कि हम पैसा निकालने आए हैं।
हिस्ट्रीशीटर है मनोज
बैंक के ग्राहक रकम को बाइक या स्कूटी की डिग्गी में रखते थे। आरोपी मौका मिलते ही डिग्गी तोड़कर रकम निकाल लेते थे। अगर चिन्हित व्यक्ति नहीं रुका तो उससे छीन लेते थे। आरोपी मनोज बाइक चलाता था। किशोर पीछे बैठकर रकम छीनने का काम करता है। शातिर मनोज कभी भी अपने साथ मोबाइल नहीं रखता है। उसके विरुद्ध प्रदेश के विभिन्न जनपदों में बहराइच, कुशीनगर, बस्ती, अयोध्या, बनारस, मऊ, बरेली आदि में लगभग 31 मुकदमे दर्ज हैं।
मनोज थाना मुण्डेरवा जनपद बस्ती का हिस्ट्रीशीटर भी है। इसकी मां के खिलाफ भी गैंगस्टर आदि के मुकदमे हैं। आरोपी किशोर भी शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके विरुद्ध बिहार के कटिहार व बेतिया जिले में कई मुकदमे पंजीकृत हैं और यह सजायाफ्ता भी है। एसपी गणेश प्रसाद साहा ने आरोपियों को पकड़ने वाली पुलिस टीम को 25000 रुपये से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
इन घटनाओं का हुआ खुलासा
- सीतापुर के कोतवाली इलाके में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया सीतापुर से दो लाख रुपये चोरी किए।
- सीतापुर के कोतवाली इलाके में पक्का पुल पर मीट की दुकान के सामने से 20 हजार रुपये लूटे।
- सीतापुर के कोतवाली इलाके में एसडीएम ऑफिस के पास से 20 हजार रुपये लूटे।
- खीरी के थाना मोहम्मदी इलाके में एचडीएफसी बैंक के बाहर ठेले के पास गोला मोहम्मदी रोड से तीन लाख रुपये से भरा थैला चोरी किया था।
- खीरी के थाना मोहम्मदी इलाके में गुरुद्वारा गेट के पास से एक लाख 60 हजार रुपये छीने थे।
- खीरी के मितौली इलाके में कस्बा कस्ता मितौली में प्रमोद मेडिकल स्टोर के सामने 50 हजार रुपये का बैग चोरी किया ।