Lakhimpur Kheri: दुधवा टाइगर रिजर्व में वनकर्मियों के सामने मर गया बाघ; गन्ने के खेत में गिरा, फिर नहीं उठ सका
दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन की मैलानी रेंज में एक बाघ शुक्रवार की सुबह चहलकदमी कर रहा था। वनकर्मी उसकी निगरानी कर रहे थे, तभी बाघ अचानक गन्ने में गिर गया। इसके बाद नहीं उठा। जब वनकर्मी पास पहुंचे तो उसे मृत पाया।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन की मैलानी रेंज में एक बाघ का शव गन्ने के खेत से बरामद हुआ है। मौत से कुछ देर पहले बाघ गन्ने खेत में धीमी गति से चहलकदमी करता दिखाई दिया था। बाघ की मौत की सूचना मिलते ही दुधवा टाइगर रिजर्व के एफडी समेत सभी अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर मैलानी रेंज कार्यालय भेजा गया।
दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन के मैलानी रेंज की सलेमपुर बीट में वन विभाग की अतिक्रमित भूमि पर गन्ने की फसल में शुक्रवार सवेरे नौ बजे करीब नरगढ़ी के पास बाघ का शव मिला। ग्रामीणों के मुताबिक बाघ कुछ समय पहले तक ठीक-ठाक था और खेत में विचरण कर रहा था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन कर्मियों को दी। तत्काल वन कर्मियों ने पहुंचकर बाघ की निगरानी शुरू कर दी।
बताते हैं कि काफी देर तक वन कर्मियों के सामने बाघ खेतों में विचरण करता रहा। कुछ देर बाद वह गन्ने खेत में गिर गया और मर गया। काफी देर तक कोई हरकत न देख वन कर्मी बाघ के पास गए तो उसे मृत पाया। वन कर्मियों ने तत्काल इसकी सूचना दुधवा टाइगर रिजर्व के अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक बी प्रभाकर और बफरजोन उपनिदेशक सुंदरेश को दी।
बाघ की उम्र दो से ढाई साल
वन अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर जांच की। शव का बारीकी से निरीक्षण किया। वनाधिकारियों के मुताबिक बाघ के सभी अंग सुरक्षित मिले हैं। बाघ की उम्र दो से ढाई साल है। अचानक हुई बाघ की मौत से वन विभाग सकते में है। बाघ के शव को मैलानी रेंज कार्यालय भेजा गया, जहां तीन पशु चिकित्सकों के पैनल से बाघ के शव का पोस्टमार्टम किया गया।
पैनल में दुधवा के पशु चिकित्सक डॉ दयाशंकर, कतर्निया घाट के डॉ दीपक कुमार और अलीगंज पशु चिकित्सालय के डॉ सुरेश चंद्रा शामिल रहे। इस मौके पर प्रधान मुख्य वन संरक्षक ( वन्यजीव) उप्र लखनऊ के प्रतिनिधि के रूप में दुधवा नेशनल पार्क उपनिदेशक डॉ रंगाराजू टी और राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण ( एनटीसीए ) के प्रतिनिधि रोहित रवि आदि मौजूद रहे।
अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक बी प्रभाकर ने बताया कि दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन की मैलानी रेंज की सलेमपुर बीट में एक नर बाघ का शव मिला है, जिसका तीन पशु चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मृत्यु का कारण स्पष्ट होगा। बाघ के सभी अंग सुरक्षित मिले हैं।