Lakhimpur Kheri: नहीं थम रहा बाघ का आतंक, अब संपूर्णानगर रेंज में युवक पर किया हमला... घायल
लखीमपुर खीरी जिले में बाघ के हमले थम नहीं रहे हैं। मोहम्मदी के बाद अब संपूर्णानगर रेंज क्षेत्र में बाघ ने दहशत फैला दी। बाघ ने हमला कर एक युवक को घायल कर दिया। उधर, मोहम्मदी रेंज में दूसरे दिन भी बाघ देखा गया है।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के संपूर्णानगर रेंज क्षेत्र में गन्ने की पत्तियां काटने गए पीलीभीत जिले के हजारा थाना के गांव नरसौहा निवासी युवक पर बाघ ने हमला कर दिया। इससे युवक घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलिया लाया गया। उधर, बाघ के हमले की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम को बाघ के पगचिन्ह भी मिले हैं। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
नयागांव के पास देखा गया बाघ
मोहम्मदी रेंज के गांव नयागांव में बुधवार सुबह बाघ देखा गया। इसका पता चला तो ग्रामीणों की भीड़ जुटी और गन्ने के खेतों के पास कॉम्बिंग की गई। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। वन दरोगा रोहित श्रीवास्तव, मोहम्मद उमर, मित्र पाल सिंह तोमर, अभिषेक वर्मा आदि वन कर्मियों ने खेतों में कांबिंग की। निगरानी में बाघ के पगचिह्न भी मिले हैं।
एक दिन पहले ग्रामीण की गई थी जान
मोहम्मदी वन रेंज में मंगलवार सुबह गोमती नदी के किनारे घास काटने गए गांव शाहपुर राजा निवासी प्रभु दयाल (45) को बाघ ने हमला कर मार डाला था। उसका अधखाया शव खेत में मिला। इससे गुस्साए परिजनों ने बाघ के पकड़े जाने तक पोस्टमार्टम न कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। अफसरों के समझाने पर शाम को शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। रेंजर नरेश पाल सिंह ने बताया कि ड्रोन से हिंसक जीव का पता लगाया जा रहा है। पगचिह्न देखने के बाद ही कहा जा सकता है कि हमला बाघ ने किया या तेंदुए ने।