लखीमपुर खीरी: पूर्व विधायक समेत नौ लोगों पर दर्ज रिपोर्ट का विरोध, एसपी से मिला सपा प्रतिनिधिमंडल
लखीमपुर खीरी में स्नातक एमएलसी चुनाव के दौरान हुए हंगामे के मामले में पूर्व विधायक सुनील कुमार लाला समेत नौ लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ है। इसके विरोध में सपा पदाधिकारी मंगलवार को पुलिस अधीक्षक से मिले। उन्होंने ज्ञापन सौंपकर विरोध जताया।
विस्तार
सांसद आनंद भदौरिया ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान भाजपा के लोगों ने धांधली की। इसका विरोध करने पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज करा दिए गए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मुकदमे वापस नहीं लिए गए तो समाजवादी पार्टी बड़ा आंदोलन करेगी। सपा नेताओं ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर पूर्व विधायक सुनील कुमार भार्गव ‘लाला’ समेत नौ लोगों पर दर्ज मुकदमे को समाप्त करने की मांग की।
एकतरफा कार्रवाई का आरोप
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि 23 अक्टूबर को मतदान के दौरान भाजपा के पूर्व सांसद जुगुल किशोर और कस्ता विधायक सौरभ सिंह सोनू के समर्थकों सहित मतदान केंद्र के अंदर जाने पर सपा कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया था। इसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। सपा नेताओं का दावा है कि विवाद के बाद दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दी, लेकिन सत्ता पक्ष के दबाव में एकतरफा कार्रवाई की गई।
ज्ञापन में मुकदमे को फर्जी बताते हुए उच्च अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई। सपा नेताओं ने कहा कि न्यायसंगत कार्रवाई होनी चाहिए और निर्दोष लोगों को मुकदमे में नहीं फंसाया जाना चाहिए। ज्ञापन देने वालों में पूर्व सांसद रवि प्रकाश वर्मा, आरएस कुशवाहा, पूर्व मंत्री डॉ. आरए उस्मानी, पूर्व विधायक रामपाल सिंह यादव, आनंद भदौरिया, उत्कर्ष वर्मा और रामसरन यादव समेत कई पदाधिकारी शामिल रहे।