Lakhimpur Kheri: संभल हिंसा के बाद खीरी में अलर्ट, पुलिस ने मॉकड्रिल कर दंगा नियंत्रण का किया अभ्यास
संभल हिंसा के बाद शुक्रवार को लखीमपुर खीरी में पुलिस अलर्ट पर है। सुबह सबसे पहले पुलिस लाइन में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसमें पुलिसकर्मियों ने दंगा नियंत्रण का अभ्यास किया।
विस्तार
संभल हिंसा के बाद लखीमपुर खीरी में पुलिस अलर्ट पर है। शुक्रवार को पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड के बाद मॉक ड्रिल कर दंगा नियंत्रण का अभ्यास किया गया। सबसे पहले पुलिस लाइन में एसपी गणेश प्रसाद साहा ने साप्ताहिक परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद बलवा होने की दशा में किस तरह से पुलिस कार्य करती है... इसको लेकर बलवा ड्रिल का आयोजन किया गया।
पुलिसकर्मी शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रहें, इसको लेकर उनसे दौड़ लगवाई गई। साथ ही अनुशासन व एकरूपता बनाए रखने के लिए ड्रिल करवाया गया। परेड में पुलिस लाइन का पुलिस बल तथा विभिन्न कार्यालयों में नियुक्त पुलिसकर्मी शामिल हुए।
एसपी ने मेस, बैरक का निरीक्षण किया
निरीक्षण के बाद एसपी ने शामिल सभी पुलिसकर्मियों को साफ-सुथरी एवं स्वच्छ वर्दी पहने तथा नियमानुसार टर्नआउट मेंटेन करने के लिए निर्देशित किया। एसपी ने क्वार्टर गार्द, एमटी शाखा, यूपी 112 पीआरवी, मेस, बैरक आदि का निरीक्षण किया। यूपी 112 पीआरवी में मौजूद दंगा नियंत्रण उपकरणों, फर्स्ट ऐड किट आदि विभिन्न उपकरणों का निरीक्षण करके उपकरणों की नियमित साफ-सफाई व समुचित देखरेख व कुशल संचालन के निर्देश दिए।
शांति व्यवस्था के मद्देनजर आयोजित मॉक ड्रिल में एंटी राइट गन, अश्रु गैस गन आदि दंगा नियंत्रण उपकरणों का प्रयोग कर पुलिस बल द्वारा अभ्यास किया गया। साथ ही प्रतिसार निरीक्षक व उनकी टीम के सदस्यों ने बलवाइयों व दंगाइयों पर नियंत्रण हेतु मॉकड्रिल का प्रदर्शन किया।