धनगढ़ी (नेपाल)। नेपाल में तराई क्षेत्र के कैलाली कंचनपुर समेत अन्य जिलों के थारू समुदाय ने सवा माह तक मनाया जाने वाले होली पर्व का शुभारंभ कर दिया गया है।
सुदूर पश्चिम प्रदेश के कैलाली, कंचनपुर, दांग, बांके, बर्दिया जिलों के थारू समुदाय के लोग होली धूमधाम से मनाते हैं। माघ की पूर्णिमा के दिन गांव के दक्षिण सीमा में जाकर सात कंडों को लेकर पूजापाठ के साथ ही होली के प्रतीक पुतला की स्थापना कर शुभारंभ किया गया है। फागुन माह की शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा में होली जलने तक प्रत्येक दिन रात में घर-घर में युवक-युवतियां सामूहिक होली नृत्य करते हैं। फागुन माह की पूर्णिमा को होली जलने के बाद आठ दिनों की होली को थारू मरी होली के रूप में खेलते हैं। जिसका समापन खकरेड़ा वाले दिन होता है। कैलाली व कंचनपुर समेत पांच जिलों के थारू गांवों में होली का शुभारंभ हो गया है। संवाद