Lakhimpur Kheri: लूट करने घर में घुसे बदमाश, विरोध पर किसान को मारी दो गोलियां, घायल होने पर भी एक को दबोचा
लखीमपुर खीरी के भीरा थाना क्षेत्र के गांव गोंधिया में रविवार की रात हथियारबंद बदमाशों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। लूट के विरोध पर बदमाशों ने किसान को दो गोलियां मार दी। घायल किसान ने एक बदमाश को दबोच लिया। जबकि दो अन्य फरार हो गए।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के भीरा थाना क्षेत्र की चौकी बिजुआ के गांव गोंधिया में रविवार की रात बड़ी वारदात हुई। किसान सुखबिंदर सिंह के घर में लूटपाट करने घुसे हथियारबंद बदमाशों ने उनको दो गोलियां मार दीं। सुखबिंदर ने एक बदमाश को पकड़ लिया था। इस पर उसके साथी ने उन पर गोली चला दी। एक गोली सुखविंदर की पीठ तो दूसरी हाथ में लगी। घायल सुखविंदर ने अपनी गिरफ्त से बदमाश को नहीं छोड़ा। उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। घायल सुखबिंदर को जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर किया गया है।
घटना रविवार रात तकरीबन 11 बजे की है। सुखबिंदर सिंह घर के बाहर और अन्य परिजन कमरों में सो रहे थे। इसी बीच तीन बदमाश घर के अंदर घुसे और सामान इधर उधर करने लगे। इसी दौरान सिलाई मशीन का टीन का ढक्कन जमीन पर गिर गया, जिसकी आवाज सुनकर सुखविंदर कमरे के अंदर गए। कमरे में अंधेरा था। उन्हें लगा कि बिल्ली ने कोई चीज गिरा दी है। जब वह दरवाजा बंद करने लगे तो अंदर मौजूद बदमाश ने उनको पकड़ लिया। इस पर उन्होंने खुद को छुड़ाते हुए बदमाश को मजबूती से पकड़ लिया।
दो बदमाश हुए फरार
इस दौरान दूसरे बदमाश ने जान से मारने की धमकी दी। बदमाश और सुखबिंदर के बीच गुत्थमगुत्था हुई। इस बीच कमरे में मौजूद दो अन्य बदमाशों में से एक ने सुखविंदर पर दो गोलियां चलाईं। एक गोली हाथ में और एक पीठ पर लगी। घायल होने पर भी सुखविंदर ने बदमाश को नहीं छोड़ा। मौका पाकर दो अन्य बदमाश भाग गए।
गोलियों की आवाज सुनकर परिजन व पड़ोसी जाग गए। परिजनों ने बदमाश को कब्जे में लिया। सूचना मिलते ही भीरा कोतवाली प्रभारी इंद्रजीत सिंह, सीओ गोला अजेंद्र यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बदमाश को हिरासत में ले लिया। घायल सुखबिंदर को जिला अस्पताल भिजवाया, गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया गया है। वहीं बदमाश से पूछताछ की जा रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.