Lakhimpur Kheri: बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर की पांच लाख की लूट, गांव के एक अन्य घर में चोरी
निघासन क्षेत्र में बदमाशों ने खैरहनी निवासी सेवानिवृत्त अध्यापक हरद्वारी लाल पांडे के घर में घुसकर परिवार को बंधक बना लिया। जेवर व नकदी समेत करीब पांच लाख का सामान लूट ले गए। गांव के एक अन्य घर में चोरी हुई है।
विस्तार
लखीमपुर खीरी जिले में बदमाशों ने रविवार रात निघासन कोतवाली क्षेत्र के गांव खैरहनी में लूट की वारदात को अंजाम दिया। दो घरों से लाखों का माल समेट ले गए। उधर, चोरों ने बेहजम चौकी के गांव अछनिया में भी वारदात को अंजाम दिया।
बदमाशों ने निघासन के खैरहनी निवासी सेवानिवृत्त अध्यापक हरद्वारी लाल पांडे के घर में घुसकर परिवार वालों को बंधक बना लिया और जेवर व नकदी समेत करीब पांच लाख का सामान लूट ले गए। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। बदमाशों ने गांव के ही अशोक कुमार के घर को भी निशाना बनाया।
अशोक के घर से 55 हजार रुपये नकदी और सोने-चांदी के जेवर चुरा ले गए। एक ही रात गांव के दो घरों से लूट और चोरी की घटनाओं से गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। निघासन प्रभारी निरीक्षक महेश चंद ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।
दीवार में नकब लगाकर लाखों का माल समेट ले गए चोर
चोरों ने नीमगांव थाने की बेहजम चौकी के गांव अछनिया पुरवा में धावा बोला। चोरों ने समुशुल निशा पत्नी स्वर्गीय शौकीन के घर में नकब लगाकर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। घटना के समय शमसुल निशा और उनकी बेटी घर में थी। उनका लड़का कश्मीर में काम करता है।