मदरसा बोर्ड: लखीमपुर खीरी में पांच परीक्षा केंद्रों पर होंगी परीक्षाएं, 1217 परीक्षार्थी होंगे शामिल
मदरसा बोर्ड की परीक्षाएं बुधवार से शुरू हो रही हैं, जो 24 मई तक चलेंगी। लखीमपुर खीरी जिले में पांच केंद्रों पर यह परीक्षाएं होंगी।
विस्तार
उत्तर प्रदेश मदरसा बोर्ड की परीक्षाएं बुधवार से शुरू होंगी। परीक्षा को लेकर शहर में एक गांधी विद्यालय के अलावा चार परीक्षा केंद्र दूसरी तहसीलों में बनाए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षाएं होंगी। परीक्षा में कुल 1217 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी वीरपाल ने बताया कि मदरसा बोर्ड की परीक्षाएं बुधवार से शुरू होंगी, जो 24 मई तक चलेंगी। इस दौरान सेकेंडरी (मुंशी, मौलवी), सीनियर सेकेंडरी (आलिम) कामिल व फाजिल की परीक्षा दो पालियों में होगी। इन परीक्षाओं के लिए 1217 विद्यार्थी पंजीकृत हैं।
दो पालियों में होंगी परीक्षाएं
उन्होंने बताया कि पहली पाली की परीक्षा सुबह आठ से 11 बजे और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो से शाम पांच बजे तक होंगी। इसको लेकर शहर के परीक्षा केंद्र गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज में मंगलवार को ही सीटिंग प्लान तैयार कर लिया गया।
अधिकारी ने बताया कि यूपी बोर्ड की तरह मदरसा बोर्ड की परीक्षाएं नकलविहीन, शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए सीसीटीवी की निगरानी में होंगी। गांधी विद्यालय के प्रधानाचार्य श्रीराम ने बताया कि परीक्षाओं को लेकर सारी व्यवस्थाएं दुरूस्त कर ली गई हैं। केंद्र पर सुबह 7.30 बजे से बच्चों को प्रवेश दिया जाएगा।
जिले में कुल मदरसे- 19
अशासकीय - दो
वित्तविहीन- 17
पंजीकृत छात्र- 1217
परीक्षा केंद्र- परीक्षार्थी
1. गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज लखीमपुर- 350
2. मदरसा अनवारूल उलूम, धौरहरा- 219
3. मदरसा जियाउल उलूम शिक्षण संस्थान मिर्जापुर ब्लॉक ईसानगर-361
4. मदरसा इकरा इस्लामिया कॉलेज मोहम्मदी-65
5. मदरसा गुलशने मदीना रोशननगर ब्लॉक बांकेगंज-222