लखीमपुर खीरी: फार्म हाउस में हुई युवक की हत्या, घसीटकर फेंकी लाश; दूसरी पत्नी और उसके प्रेमी पर मुकदमा
मैलानी क्षेत्र में बुधवार को ढाका फार्म हाउस के समीप खेत में आफाक का शव मिला था। धारदार हथियार से उसकी हत्या की गई थी। उसकी बेटी ने सौतेली मां पर हत्या करवाने का आरोप लगाया। दूसरे दिन पुलिस ने आरोपी महिला और उसके प्रेमी के खिलाफ रिपोर्ट लिख ली। हालांकि अभी गिरफ्तारी नहीं की है।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के थाना मैलानी क्षेत्र में धारदार हथियारों से आफाक (45) की हत्या मामले में पुलिस ने मृतक की दूसरी पत्नी पूनम और उसके प्रेमी छोटू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मृतक की पुत्री ने पहले ही सौतेली मां पर हत्या का शक जाहिर करते हुए आरोप लगाए थे। कहा था कि सौतेली मां ने अब्बू को मरवाया है।
कुकरा निवासी अफाक पत्नी और बच्चों के साथ ढाका गांव के फार्महाउस की करीब 10 साल से देखभाल करता था। मंगलवार शाम करीब छह बजे वह फार्म हाउस से कुकरा ताजिया मेला देखने बाइक से अकेले गया था। बुधवार की सुबह उसका शव फार्म हाउस से कुछ दूरी पर गन्ने के खेत में पड़ा दिखाई दिया। उसके पेट और कमर में धारदार हथियार के हमले से गहरे जख्म थे।
ये भी पढ़ें- न्याय की गुहार: तख्ती लेकर कलक्ट्रेट पहुंची गर्भवती दुष्कर्म पीड़िता, आंखों से छलका दर्द; बताई आपबीती
आफाक के चाचा अतहर खां की तहरीर पर बृहस्पतिवार को पुलिस ने मृतक की दूसरी पत्नी पूनम और उसके प्रेमी कुकरा गांव के छोटू उर्फ नदीम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों में से किसी को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार
आफाक की हत्या मामले में मौके पर मिले साक्ष्य यह तस्दीक करते हैं कि फार्महाउस पर धारदार हथियार से मारने के बाद शव को घसीटकर गन्ने के खेत में डाला गया था। बुधवार सुबह पुलिस को फार्महाउस से गन्ने के खेत तक घसीटने के निशान और वहीं पर कमीज के टूटे बटन मिले थे, जबकि आफाक की चप्पल अलग-अलग जगहों पर पड़ी हुई थी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक पहले फार्महाउस के अंदर उसकी हत्या की गई और फिर उसके शव को घटनास्थल से घसीटकर करीब 50 मीटर दूर गन्ने के खेत में डाला गया। यह भी आशंका जताई जा रही है कि फार्महाउस के अंदर उसे घायल किया गया, फिर हमलावर उसे खींचकर गन्ने के खेत में ले गए और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर मार डाला गया। हालांकि, अभी तक पुलिस न तो आला-ए-कत्ल बरामद कर पाई है और न ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर सकी है।
गोला के सीओ प्रवीण कुमार ने बताया कि मृतक के चाचा अतहर खां की तहरीर पर मृतक की दूसरी पत्नी पूनम और कुकरा गांव के छोटू उर्फ नदीम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जल्दी ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।