प्रेमी युगल की मौत का मामला: सीसीटीवी फुटेज में दिखा कुछ ऐसा... उलझी गुत्थी; खंडहर में मिले थे लहूलुहान शव
मितौली में सोमवार को राजा लोने सिंह की गढ़ी स्थित खंडहरनुमा जगह पर युवक व युवती के खून से लथपथ शव मिले थे। दोनों की पहचान रमा और रावेंद्र के तौर पर हुई थी। पुलिस की प्राथमिक जांच में प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के मितौली में राजा लोने सिंह की गढ़ी स्थित शिव मंदिर के करीब खंडहरनुमा जगह पर सोमवार को युवक-युवती के लहूलुहान मिले शव के मामले में तीसरे की एंट्री से गुत्थी और उलझ गई है। पुलिस की पड़ताल में अब तक युवक-युवती के बीच प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि पहले युवक ने युवती को गोली मारी, फिर खुद को गोली से उड़ा लिया। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज में युवती के साथ एक और लड़की घटनास्थल की ओर जाती दिखी है, जिससे पुलिस की थ्योरी में झोल आ गया है।
सोमवार को राजा लोने सिंह की गढ़ी स्थित खंडहरनुमा जगह पर युवक व युवती के खून से लथपथ शव मिले थे। मोबाइल फोन से युवती की पहचान उमा भारती उर्फ अंशू मूल निवासी मुरादपुर थाना मैगलगंज के रूप में हुई थी। युवक की पहचान रावेंद्र निवासी कल्लुआमोती के रूप में हुई थी। दोनों के परिवार वालों ने हत्या की ही बात कही थी। जिस तरीके से युवक व युवती के क्षत-विक्षत थे, उससे हत्या की बात सामने आ रही थी। हालांकि, मौके से बरामद दो खोखे और दो जिंदा कारतूस के लिहाज से पुलिस का दावा था कि पहले युवक ने युवती को गोली मारी, उसके बाद खुद को गोली से उड़ा लिया।
UP: अवैध कॉलोनियों पर बीडीए ने चलाया बुलडोजर, लोगों से अपील- प्लॉट खरीदने से पहले जरूर करें ये काम
पुलिस के मुताबिक, तहसील की आवसीय कॉलोनी होकर गढ़ी जाने वाले रास्ते पर घटनास्थल से करीब 300 मीटर पहले एक दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में युवक और युवती के फुटेज मिले हैं। पहले गढ़ी की और बाइक से युवक जाता दिख रहा है। इसके 15 मिनट बाद साइकिल से युवती दिखी। सीसीटीवी फुटेज में उमा अपनी सहेली के साथ-अलग अलग साइकिल से घटनास्थल की ओर जाती दिख रही है। उसकी सहेली के करीब आधे घंटे में वापसी के फुटेज भी कैमरे में कैद हुए हैं। सूत्र बताते हैं कि जिस निजी अस्पताल में उमा नौकरी करती थी, वहीं उसकी सहेली भी काम करती है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली से मौत की पुष्टि
मंगलवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम हुआ। गोली लगने की वजह से पहले दोनों शव का एक्सरे कराया गया। इसके बाद दोपहर को पोस्टमार्टम किया गया। एएसपी नैपाल सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों की सिर में गोली लगने से मौत की बात सामने आई है। दोनों को नजदीक से गोली लगी है। पहले लड़की को गोली लगी, उसके बाद युवक ने खुद को गोली मार ली। फिलहाल मामले कि जांच की जा रही है। उधर, ग्रामीणों ने भी यह बात स्वीकार की है कि दोनों के बीच करीब एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाह रहे थे।
घटना वाले दिन फोन पर नहीं हुई थी दोनों की बात
घटना वाले दिन शवों की तलाशी के दौरान दोनों के मोबाइल फ़ोन मिले थे। पुलिस को मोबाइल कॉल डिटेल से अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, केवल फरवरी माह में ही दोनों के बीच करीब 50 से भी ज्यादा बार फ़ोन पर बातचीत हुई है। अंतिम बार इन दोनों की घटना के एक दिन पहले 25 फरवरी को फोन पर बात हुई थी। घटना वाले दिन रावेंद्र और उमा के बीच फ़ोन पर कोई बातचीत नही हुई। घटना वाले दिन उमा की सहेली से सुबह करीब नौ बजे आखिरी बार युवक के फोन पर बात हुई थी।
एएसपी नैपाल सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की और से तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
युवती ने पिता ने दी तहरीर
मृतका उमा के पिता सत्यपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री उमा भारती घर से सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे सोनम हॉस्पिटल में नौकरी करने के लिए ग्राम सेमरावा से निकली थी। वह एएनएम की नौकरी करती थी। सेमरावा में उनकी पुत्री का ननिहाल था। वह वहीं रहती थी। इसी बीच कल्लुआमोती के रहने वाले रावेंद्र ने पुत्री को बहला फुसलाकर मितौली की गढ़ी पर बुलाया। शादी का दबाव बनाया होगा। पुत्री के मना करने पर रावेंद्र ने गोली मारकर हत्या कर दी और उसके बाद खुद को भी गोली मार ली। इस घटना में रावेंद्र के भाई व पिता भी शामिल हैं।
युवक के परिजनों ने कहा
मृतक रविंद के पिता कल्लू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रावेंद्र लखनऊ में स्नातक करने के बाद प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी करता था। 23 फरवरी को शाम को वह गांव आया था। घटना वाले दिन सुबह 7:30 बजे घर से मास्टर साहब ने मितौली बुलाया कहकर भाई मोनू की मोटरसाइकिल से गया था। फेसबुक के माध्यम से लगभग 11:00 पता चला कि रावेंद्र की हत्या मितौली स्थित राजा लोन सिंह की गढ़ी पर कर दी गई है। आरोप है कि रावेंद्र को किसी साजिश के तहत बुलाया गया और हत्या कर दी गई। घटना को प्रेम प्रसंग की तरफ मोड़ने और आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है।
सुरक्षा के बीच हुए दोनों के अंतिम संस्कार
घटना के दूसरे दिन जब पोस्टमार्टम के बाद जब मृतकों के शव अपने अपने गांव पहुंचे तो कोहराम मच गया। पुलिस ने एहतियातन दोनों के गांवों में पुलिस बल तैनात कर रखा था। देर शाम शवों का अंतिम संस्कार किया गया। मितौली थाना मुख्यालय पर एडिशनल एसपी नैपाल सिंह, सीओ शमशेर बहादुर सिंह मितौली थाना मुख्यालय पर मौजूद रहकर पूरे मामले पर नजर बनाए रहे। शवों के अंतिम संस्कार के दौरान मितौली, उचौलिया, पसगवां, मैगलगंज, नीमगांव व फरधान सहित कई थानों की पुलिस फोर्स मौजूद रही।