Lakhimpur Kheri: 'डीएम साहब, सड़क बनवा दीजिए', जलभराव के बीच खड़े होकर बच्चों ने लगाई गुहार
लखीमपुर खीरी के धौरहरा क्षेत्र में जलभराव से परेशान बच्चों ने जिलाधिकारी से सड़क निर्माण की अपील की है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। ग्रामीणों के अनुसार, पहली बरसात में ही सड़क पर पानी भर गया। निकासी न होने से आवागमन प्रभावित है। कई शिकायतों के बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के धौरहरा क्षेत्र की ग्राम पंचायत अमेठी के मजरा महादेव में बदहाल सड़क और जलभराव से परेशान बच्चों की गुहार सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। गांव के बच्चों ने जलभराव से लबालब सड़क के बीच खड़े होकर जिलााधिकारी से सड़क निर्माण कराने की अपील की, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार पहली ही बरसात में सड़क पर पानी भर गया है। पानी निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। स्कूल जाने वाले बच्चों सहित ग्रामीणों को रोजाना जलभराव से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
बच्चों ने की सड़क बनवाने की अपील
दो दिन पूर्व गांव के बच्चों ने जलभराव के बीच खड़े होकर कहा कि डीएम साहब, सड़क बनवा दीजिए। बच्चों की यह मासूम अपील गांव की मूलभूत समस्याओं और विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति को उजागर कर रही है। वीडियो सामने आने के बाद संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण और जल निकासी की समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। लोगों ने जिला प्रशासन से शीघ्र सड़क निर्माण और जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है।