UP: लखीमपुर खीरी में गौरीफंटा सीमा पर अलर्ट, नेपाल के धनगढ़ी में विदेश मंत्री के घर के बाहर आगजनी, लगा कर्फ्यू
लखीमपुर खीरी जनपद में गौरीफंटा सीमा से सटे नेपाल के धनगढ़ी कैलाली में मंगलवार को हिंसक प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री कार्यालय तक घुस गए। तोड़फोड़ की। विदेश मंत्री व पूर्व प्रधानमंत्री के घर के बाहर भी आगजनी की गई। नेपाल में हो रहे प्रदर्शन के चलते गौरीफंटा सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है।
विस्तार
नेपाल में सोशल मीडिया पर लगे प्रतिबंध के खिलाफ जेन-जी की अगुवाई में चलाया गया आंदोलन अब उग्र होता जा रहा है। लखीमपुर खीरी जिले में भारत-नेपाल सीमा के गौरीफंटा बॉर्डर से सटे धनगढ़ी के कैलाली जिले में हिंसा की आग पहुंच गई है। धनगढ़ी में मंगलवार को हजारों युवाओं ने मुख्यमंत्री कार्यालय में नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। कार्यालय में घुसकर मुख्यमंत्री व मंत्री की कार में तोड़फोड़ कर दी। इसके अलावा नेपाल की विदेश मंत्री आरजू राणा देउवा व नेपाली कांग्रेस पार्टी के सभापति व पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउवा के घर के बाहर भी आगजनी की। स्थिति को देखते हुए नेपाल कैलाली प्रशासन ने यहां कर्फ्यू लगा दिया है।
मंगलवार के मुख्यमंत्री कार्यालय के आगे जनता की आवाज को दबाने का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री केपी ओली व सुदूर पश्चिम प्रदेश के मुख्यमंत्री कमल बहादुर शाह सरकार के खिलाफ आंदोलनकारियों ने जमकर नारेबाजी की। मुख्यमंत्री कार्यालय में घुसकर मुख्यमंत्री कमल बहादुर शाह व एक अन्य मंत्री की गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। स्थिति को बिगड़ते देख पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज भी किया। जिसपर आंदोलनकारी वहां से निकलते हुए बाजार पहुंच गए और प्रदर्शन किया।
यह भी पढ़ें- UP News: शाहजहांपुर में जेठानी ने की देवरानी की हत्या, मामूली बात पर चाकू से किए ताबड़तोड़ प्रहार
उत्तर बेहड़ी में स्थित विदेश मंत्री डॉ. आरजू राणा देउवा के घर व पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउवा के आवास के सामने नारेबाजी करते हुए आगजनी की। इससे पूर्व सोमवार की देर शाम को एमाले पार्टी व नेपाली कांग्रेस पार्टी के कार्यालयों में भी आगजनी की गई थी। आंदोलन के चलते धनगढ़ी में सुबह से ही बाजार, पेट्रोल पंप, बैंक, सरकारी व निजी कार्यालय आदि बंद रहे। बस, ट्रक जीप, कार व टैंपों आदि भी बंद होने से शहर में चक्काजाम हो गया। भारतीय महानगरों से लौटने वाले नेपाली नागरिक धनगढ़ी बस अड्डे पर ही पड़े रहे।
सुदूर पश्चिम प्रदेश के राज्यपाल कार्यालय में भी घुसकर प्रदर्शनकारियों ने आगजनी व तोड़फोड़ की। यहां महत्वपूर्ण कागजात भी आग में जलकर राख हो गए। इसके अलावा धनगढ़ी स्थित प्रदेश सभा सचिवालय में भी तोड़फोड़ व आगजनी की गई।
पुलिस-एसएसबी अलर्ट, अधिकारियों ने लिया बार्डर का जायजा
नेपाल में सरकार विरोधी चल रहे आंदोलन को देखते हुए लखीमपुर खीरी जिले में गौरीफंटा बॉर्डर पर एसएसबी व पुलिस पूरी तरह से अलर्ट हो गई है। यहां आने-जाने वालों की सघन चेकिंग की जा रही है और बिना आईडी प्रूफ उनको आने-जाने नहीं दिया जा रहा है। इसके अलावा आने-जाने वालों वाहनों की इंट्री भी मुस्तैदी के साथ की जा रही है। डॉग स्क्वायड के जरिए चेकिंग अभियान चलाकर एसएसबी भी पूरी तरह से सतर्कता बरते हुए है। अन्य सुरक्षा एजेंसियां व खुफिया टीम भी बार्डर पर मुस्तैद हो गई हैं और हर गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं।
एसएसबी के गौरीफंटा सहायक कमांडेंट विवेक यादव ने बताया कि नेपाल में जारी जेन-जी आंदोलन के चलते सीमा पर सुबह से एसएसबी जवानों द्वारा चौकसी बरते जाने के साथ ही कड़ी चेकिंग भी की जा रही है। एसएसबी ने नेपाल से आने वालों को बगैर असली पहचान पत्र के जाने नहीं दिया है। उनकी आईडी की फोटो कटपी, मोबाइल में फीड आईडी को मान्यता न देकर पेपर आईडी देखने के बाद ही जाने दिया जा रहा है। भारतीय महानगरों से स्वदेश लौटने वाले नेपालियों की भी इंट्री करने और चेकिंग के बाद जाने दिया गया।
पुलिस ने भी चलाया चेकिंग अभियान
पुलिस द्वारा भी डिगनिया तिराहे पर चेकिंग अभियान चलाया गया और भारत आने-जाने वाले वाहनों को चेक किया। मालवाहक वाहनों को भी सुरक्षा की दृष्टि से नेपाल अभी जाने नहीं दिया जा रहा है। उनको बॉर्डर पर ही रोका गया है। बॉर्डर पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अधिकारियों की टीम पहुंचकर जायजा ले रही है। पलिया एसडीएम डॉ. अवनीश कुमार व सीओ यादवेंद्र यादव ने भी बॉर्डर पर पहुंचकर स्थिति की जानकारी सुरक्षा एजेंसियों से हासिल की। साथ ही बॉर्डर पर अतिरिक्त फोर्स के साथ मुस्तैदी बढ़ाने के निर्देश दिए।
गौरीफंटा बॉर्डर एसएसबी ने किया सील
नेपाल में जेन जी के आंदोलन के चलते एतिहात बरते जाने को लेकर गौरीफंटा बॉर्डर को देर शाम से एसएसबी ने सील कर दिया।नेपाल से आने जाने पर पूर्ण रुप से रोक लगा दी है।उधर बॉर्डर पर पीएसी की भी तैनात कर दी गई है।
एसएसबी के गौरीफंटा सहायक कमांडेंट विवेक यादव ने बताया नेपाल में जारी जेन-जी आंदोलन के चलते बढ़ते बबाल को लेकर एसएसबी के पलिया कमांडेट रवींद्र कुमार राजेश्वरी के निर्देश पर देर शाम से गौरीफंटा बार्डर सील कर दिया गया।सीमा सील के दौरान नेपाल आने जाने पर रोक लगी रहेगी।साथ ही उधर बार्डर पर एसएसबी जवानों द्वारा पेट्रोलिंग व सतर्कता बरती व चौकसी बरती जा रही है।इसके अलावा बार्डर पर देर शाम से पीएसी एक टुकड़ी की तैनाती भी की गई है जो कि बार्डर पर ड्यूटी दे रही है।