{"_id":"5a0488c24f1c1b9e678ba847","slug":"51510246594-lakhimpur-kheri-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"टिकट घोषित होते ही भाजपा में बगावत के सुर बुलंद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
टिकट घोषित होते ही भाजपा में बगावत के सुर बुलंद
Updated Thu, 09 Nov 2017 10:26 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
लखीमपुर खीरी।
भाजपा में बगावत के सुर मुखर हो गए हैं। लखीमपुर नगर पालिका से निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव और पलिया से आलोक मिश्र ने गुरुवार को निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पर्चा दाखिल कर पार्टी के सामने राजनीतिक संकट खड़ा कर दिया, जबकि लखीमपुर से भाजपा ने निरुपमा बाजपेयी और पलिया से केबी गुप्ता को अपना प्रत्याशी बनाया है।
खीरी जिले में चार नगर पालिकाओं में अब तक तीन सीटों पर भारतीय जनता पार्टी का कब्जा था। इनमें से लखीमपुर में भाजपा के टिकट से चुनाव लड़कर अनारक्षित सीट पर डॉ. इरा श्रीवास्तव चुनाव जीती थीं। चुनाव में 23 हजार वोट पाकर उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय प्रत्याशी ज्ञान प्रकाश बाजपेयी को करीब 11 हजार वोटों से हराया था। ज्ञान प्रकाश बाजपेयी इससे पहले लगातार दो बार लखीमपुर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष रह चुके थे। लखीमपुर नगर पालिका की सीट इस बार महिला के लिए आरक्षित है। डॉ. इरा फिर यहां से टिकट मांग रही थीं। मजबूत दावेदारों में उनकी गिनती हो रही थी, लेकिन ऐन वक्त पर भाजपा ने उनकी जगह डॉ. सतीश कौशल बाजपेयी की पत्नी निरुपमा बाजपेयी पर अपना दांव लगाया है। टिकट को लेकर अन्य लोगों ने भी विरोध जताया है, लेकिन खुलकर बगावत नहीं की, जबकि डॉ. इरा श्रीवास्तव ने बगावत का झंडा बुलंद करते हुए अपना नामांकन तक करा दिया।
विज्ञापन
उधर, पलिया में पिछले निकाय चुनाव में अनारक्षित सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव जीतकर अध्यक्ष बने केबी गुप्ता बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे। पिछले चुनाव में केबी गुप्ता को 6035 वोट मिले थे। भाजपा के प्रदेश नेतृत्व ने उनका टिकट इस बार भी बरकरार रखा है। यहां भी भाजपा टिकट के कई दावेदार थे। इनमें केबी गुप्ता को टिकट मिलने से अन्य दावेदारों में नाराजगी है। टिकट के एक दावेदार आलोक मिश्र ने तो बृहस्पतिवार को अपना नामांकन दाखिल कर भाजपा के खिलाफ खुला मोर्चा खोल दिया है।
विज्ञापन
मेरे साथ अन्याय हुआ: डॉ. इरा
निवर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव का कहना है कि मैं भाजपा की समर्पित कार्यकर्ता रही हूं। पिछले चुनाव में 11 हजार वोटों से चुनाव जीती थी। मैने अपने कार्यकाल में काफी काम किया। बावजूद इसके बिना कोई कारण बताए भाजपा ने मेरा टिकट काट दिया। यह मेरे साथ सरासर अन्याय है। इस अन्याय के विरोध में मैंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन कराया है।
जनता के हित में नामांकन कराया: आलोक
पलिया से भाजपा कार्यकर्ता और निर्दलीय प्रत्याशी आलोक मिश्र ने नामांकन कराने के बाद कहा कि भाजपा ने उन्हें भरोसा देने के बाद टिकट नहीं दिया। भाजपा ने ऐसे व्यक्ति को टिकट दिया, जो पिछले कार्यकाल में विवादित रहा। जनता के हित और पालिका को भ्रष्टाचार मुक्त करने की मंशा से नामांकन कराया है। जनसमर्थन से चुनाव जीतकर जनता के सपनों को पूरा करूंगा।
लखीमपुर में निरुपमा बाजपेई और पलिया में केबी गुप्ता भाजपा के उम्मीदवार हैं। डॉ. इरा श्रीवास्तव और आलोक मिश्र द्वारा नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए नामांकन कराए जाने की जानकारी मिली है। दोनों को समझा-बुझाकर नाम वापस कराने का प्रयास किया जाएगा। नाम वापसी न करने पर इसे अनुशासनहीनता माना जाएगा।
- शरद बाजपेयी, जिलाध्यक्ष भाजपा