पडरौना। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट पांच मई से शुरू हो रहे बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार करेगा। संगठन ने कोरोना के संक्रमण को देखते हुए उत्तर पुस्तिकाओं को शिक्षकों के आवास पर भेजकर मूल्यांकन कराने की मांग की है।
यह जानकारी जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह व जिला मंत्री अनिल दुबे ने दी। उन्होंने बताया कि शिक्षक समुदाय को छात्रों के परीक्षाफल यथाशीघ्र घोषित होने से निश्चय ही प्रसन्नता होगी। परन्तु मूल्यांकन केंद्रों पर कार्य करने में परीक्षकों के समक्ष जो कठिनाइयां उपस्थित हैं, उनकी भी उपेक्षा नहीं की जा सकती। इसे ध्यान में रखते हुए संग़ठन के प्रदेश नेतृत्व की ओर से मूल्यांकन केंद्रों के स्थान पर परीक्षकों के आवास पर कापियां भेजकर मूल्यांकन की व्यवस्था किये जाने की मांग सरकार से की गई थी, लेकिन सरकार अपनी जिद पर कायम रहते हुए स्वयं अपने लॉकडाउन के नियमों को विफल कर शिक्षकों के जान की परवाह किये बिना मूल्यांकन पर अड़ी है। संगठन के शीर्ष नेतृत्व का स्पष्ट मत है कि वर्तमान परिवेश में मूल्यांकन केंद्रों पर मूल्यांकन स्वीकार नहीं है। इसलिये संगठन पांच मई से प्रारंभ होने वाले मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार करेगा।