गंगुआ बाजार/पिपरा कनक। समउर बाजार में बुधवार को डोल जुलूस निकाला गया। जुलूस में अखाड़ों के खिलाड़ियों ने करतब दिखाकर लोगों को रोमांचित कर दिया। ढोल-नगाड़ों के बीच निकले जुलूस से बाजार का माहौल उत्सव मय हो गया।
समउर बाजार में आयोजित डोल मेल में विभिन्न अखाड़ों के युवाओं ने लाठी-डंडे सहित कई तरह के पारंपरिक करतब प्रस्तुत किए। युवाओं के हैरतअंगेज प्रदर्शन को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर लोगों की भारी भीड़ जुटी रही। करतबों के दौरान दर्शकों ने तालियां बजाकर युवाओं का उत्साह बढ़ाया। डोल मेले में बिहार के सुकसेनवा, परसौनी, अमेया, मचवा, बहेरवा, पंचदेवरी, मधवापुर, महुआ पटन, कटेया के भी लोगों ने भाग लिया। चौकी इंचार्ज समउर बाजार अखिलेश कुमार यादव ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल तैनात है। आयोजकों ने शांतिपूर्ण माहौल में मेले के आयोजन के लिए लोगों से सहयोग की अपील की।