फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Kushinagar News ›   bridge over gandak river

Kushinagar News: गंडक नदी पर पुल से बदलेगी दियारा की तस्वीर, मुख्य धारा से जुड़ेगी 60 हजार आबादी

Fri, 31 Mar 2023 12:57 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर।
संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर। Updated Fri, 31 Mar 2023 12:57 AM IST
सार

कुशीनगर डीएम रमेश रंजन ने कहा कि गंडक नदी पर पक्का पुल बनाने के संबंध में मुख्यमंत्री के निर्देशानुुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसका डीपीआर शासन को भेजा गया है। डीपीआर को स्वीकृति मिलने पर आगे की प्रक्रिया शुरू होगी। इस काम को जल्द पूरा कराया जाएगा।

विज्ञापन
bridge over gandak river
गंडक नदी के भैसहां घाट पर बने पीपा पुल से आवागमन करते लोग।संवाद

विस्तार

कुशीनगर जिले में खड्डा तहसील क्षेत्र के भैंसहा में गंडक नदी पर पक्का पुल बनने से दियारा क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी। आजादी के बाद से कुशीनगर और महराजगंज जिले के एक दर्जन गांवों की करीब 60 हजार की आबादी मुख्यधारा से जुड़ जाएगी। बुधवार को खड्डा तहसील भवन सहित 451 करोड़ रुपये की 106 विकास परियोजनाओं की सौगात देने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंडक नदी पर पक्का पुल का वादा किया। इस घोषणा से दियारा के दिन बहुरने की उम्मीद जगी है।

विज्ञापन


गंडक पार सुविधाओं का अभाव झेल रहे लोगों ने मिठाई बांटकर मुख्यमंत्री की इस घोषणा पर मिठाई बांटकर खुशी जताई। लोगों का कहना है चार माह बाढ़ की विभीषिका से जूझने वाले गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधा मिल सकेंगी। खड्डा तहसील क्षेत्र के भैंसहा के पास से नेपाल से आने वाली गंडक नदी बहती है। नदी के उस पार दियारा क्षेत्र में कुशीनगर जनपद की चार ग्राम पंचायतों शिवपुर, मरचहवा, हरिहरपुर और नरायणपुर के आठ टोलों में 35 हजार से अधिक आबादी निवास करती है।
विज्ञापन


इसके सटे ही महराजगंज जनपद के निचलौल तहसील की सोहगीबरवा, शिकारपुर, मटियरवा, शिकारपुर, पिपरासी गांवों में 25 हजार लोग निवास करते हैं। खड्डा से इन स्थानों की दूरी 16 किमी है, लेकिन गंडक नदी का दियारा होने की वजह से यहां के लोगों को करीब 45 किमी की दूरी तय करके वाल्मिकी नगर टाइगर रिजर्व होते हुए गांव से आवागमन करना पड़ता है। बरसात में मौसम में चार माह तक बाढ़ के पानी से गांव घिर जाते हैं। इससे लोग चार माह तक प्रशासन के रहमोंकरम पर जीवन गुजारते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


नदी पार करने के लिए नाव का सहारा रहता है। एक बार में नदी पार करने में पूरा दिन खत्म हो जाता है। इस समस्या को देखते हुए वर्ष 2019 में भैंसहा घाट पर गंडक नदी पर पीपा पुल वर्ष 2019 में लगाया गया। दिसंबर माह से लेकर मई तक पीपा पुल रहता है। बरसात में इसे हटा दिया जाता है।
 

पुल निर्माण से होगा यह फायदा

- कुशीनगर और महराजगंज जिले के एक दर्जन गांवों की आबादी मुख्यधारा से जुड़ जाएगी।
- पुल के लिए बांध और ठोकर बनाए जाने से करीब 20 हजार एकड़ भूमि पर खेती हो सकेगी।
- कनेक्टिविटी होने से गांव में स्वास्थ्य और शिक्षा की सुविधा मिलेगी।
-गांव में आठवीं तक स्कूल हैं, इससे छात्राओं की पढ़ाई नहीं हो पाती है।
- बाढ़ के कारण गांव के स्वास्थ्य केंद्र पर डॉक्टर और स्टॉफ नहीं है। यहां के लोगों को तुर्कहां सीएचसी पर आकर उपचार कराना पड़ता है।
- गन्ने की फसल को खड्डा चीनी मिल तक पहुंचाने, गांव में निर्माण कार्य के लिए गिट्टी और बालू सहित अन्य सामान ले जाने में तीन गुना किराया खर्च करना पड़ता है।
- चार माह गुजारा करने के लिए लोगों को प्रशासन के कम्युनिटी किचन के भरोसे रहना पड़ता है।
- रसोई गैस, डीजल और पेट्रोल के अभाव में लोगों की खेतीबाड़ी और परिवहन का काम प्रभावित होता है।
- बरसात की वजह से नववधुएं चार माह तक अपने मायके में रहती हैं। दैनिक क्रिया में लोगों को काफी दिक्कत होती है। पुल बनाए जाने के बाद गांव में बाढ़ का पानी नहीं जाएगा।
- पुल के लिए बांध और एप्रोच, ठोकर बनाए जाने से वीटीआर और सोहगीबरवा के जंगली जानवर भी बाढ़ से प्रभावित नहीं होंगे।
- यहां बिजली की सुविधा नहीं है। गांव के लोग जुगाड़ से मोबाइल चार्ज करते हैं। सोलर लालटेन से लोगों के घरों में रोशनी होती है।

 

लोगों ने क्या कहा

पक्का पुल निर्माण के संबंध में मुख्यमंत्री ने वादा किया है। पांच किमी लंबा पुल बनाने के लिए 47383.98 लाख रुपये का डीपीआर 16 मार्च को ही शासन को भेज दिया गया है। इसके बारे में बुधवार को लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव अजय चौहान से बात हुई है। पुल बनने से खड्डा क्षेत्र का विकास होगा। पुल से होकर वीटीआर और नेपाल जाने के लिए नए रास्ते का विकल्प खुल जाएगा। -विवेकानंद पांडेय, विधायक, खड्डा।

बाढ़ के पानी से पूरा इलाका तबाह रहता है। मई से नवंबर तक पीपा पुल लगता है। इसके बाद उसे हटा दिया जाता है। बरसात के दिनों में चार माह किस तरह से गुजरता है। इसका दर्द सिर्फ हम लोग महसूस कर पाते हैं। मुख्यमंत्री की घोषणा से पूरे क्षेत्र में उत्साह है। -प्रमोद राय, किसान

गंडक पर पुल बनने से पूरे क्षेत्र का विकास होगा। खड्डा से लोग सीधे जुड़ जाएंगे। महराजगंज के सोहगीबरवा सहित अन्य गांवों को कुशीनगर से जोड़ा जा सकेगा। इससे गांवों का विकास होगा। -संग्राम सिंह यादव, अध्यक्ष, प्रधान संघ खड्डा।

बरसात के पहले पीपा पुल हट जाएगा। इसके बाद नाव से ही लोग नदी पार करेंगे। पहले नदी पार करने में सुबह से शाम हो जाती थी। अब नाव पर मोटर लगाया गया है जिससे एक घंटे लगता है।-भोला, नाविक, भैंसहा निवासी।

नाव डूबने से तीन लोगों की हुई थी मौत
13 अप्रैल 2022 को गंडक नदी से निकली शाखा (सोता) पार करने में छोटी नाव डूब गई थी। दुर्घटना में तीन महिलाओं की मौत हो गई थी। अन्य लोगों की जान किसी तरह से बचाई जा सकी। सभी ग्रामीण फसल काटने जाने के लिए लंबी दूरी तय करने के बजाय नाव से नदी का सोता पार करके सालिकपुर जा रहे थे, तभी नाव डूब गई। लोगों का कहना है बाढ़ के दिनों में पांच किलोमीटर से अधिक दूरी नाव से तय करनी पड़ती है। ऐसे में हरदम जोखिम बना रहता है।

कुशीनगर डीएम रमेश रंजन ने कहा कि गंडक नदी पर पक्का पुल बनाने के संबंध में मुख्यमंत्री के निर्देशानुुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसका डीपीआर शासन को भेजा गया है। डीपीआर को स्वीकृति मिलने पर आगे की प्रक्रिया शुरू होगी। इस काम को जल्द पूरा कराया जाएगा।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed