Accident : नेशनल हाईवे पर ट्रक व ट्रेलर की भिड़त में तीन की मौत, एक गंभीर, सीएम योगी ने जताया दुख
कोखराज और सैनी कोतवाली के बार्डर पर बृहस्पतिवार को बड़ा हादसा हो गया। ट्रक और ट्रेलर की भिड़तं में दोनों चालकों सहित तीन की दर्दनाक मौत हो गई। एक क्लीनर घायल हो गया है। टक्कर कितनी जबर्दस्त थी इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि हादसे के बाद केबिन में फंसे शवों को लोहा काटकर निकाला गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर-प्रयागराज राजमार्ग में बृहस्पतिवार सुबह ट्रक व ट्रेलर में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। पुलिस ने जीसीबी की मदद से तीन घंटे बाद दोनों वाहनों में फंसे तीन युवकों का शव बाहर निकलवाया। घटना में ट्रक सवार एक युवक की हालत नाजुक बनी है। हादसा ट्रक के रांग साइड (गलत दिशा) में आने के कारण हुआ था। हादसे की जानकारी के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट पर शोक संवेदना व्यक्त की है।
राजस्थान के जयपुर निवासी हरदेव सिंह ट्रेलर मालिक हैं। अमर उजाला से फोन पर बातचीत में उन्होंने बताया कि पांच दिन पहले उनका ट्रेलर चालक जयपुर निवासी जीतराम सैनी (25) अपने एक रिश्तेदार के साथ गुजरात के मोरवी से टाइल्स लादकर बिहार के लिए निकला था। बृहस्पतिवार सुबह सैनी पुलिस ने गुलामीपुर के समीप ट्रेलर की ट्रक से टक्कर हो जाने की खबर दी।
बताया कि, हादसे में ट्रेलर सवार चालक व उसके रिश्तेदार की मौत हो चुकी है। उधर, ट्रेलर में भिड़ा ट्रक चालक रांग साइड से जा रहा था। घटना में ट्रक चालक प्रतापगढ़ जिले के देल्हुपुर कोतवाली के जद्दूपुर निवासी मो. शबीहुल (25) की मौत हो गई। ट्रक में शबीहुल के साथ रहा कंडक्टर प्रयागराज के मऊआइमा कोतवाली के दुबाही गांव का अल्ताफ जिंदगी मौत से संघर्ष कर रहा है।
अल्ताफ को इलाज के लिए कशिया के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में दोनों वाहनों के परखचे उड़ गए थे। ट्रक व ट्रेलर के केबिन आपस में चिपक गए थे। मौके पर सैनी, कोखराज व कड़ाधाम कोतवाली पुलिस ने जेसीबी बुलाकर किसी तरह केबिन तोड़वाया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद केबिन में फंसे लोगों को जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। एएसपी समर बहादुर का कहना है कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि एक की हालत नाजुक बनी हुई है। प्रतापगढ़ के मृतक ट्रक चालक और उसके साथ रहे कंडक्टर की पहचान हो चुकी है। ट्रेलर सवार दो मृतकों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
हद है, मुख्यमंत्री ने जताया शोक, पुलिस नहीं पता कर सकी मृतकों का नाम
बृहस्पतिवार सुबह गुलामीपुर के समीप ट्रक-ट्रेलर की भिड़ंत के बाद पुलिस की संवेदनहीनता साफ दिखी। पुलिस ने बालू लदे ट्रक चालक व कंडक्टर का नाम पता तो ट्रेस कर लिया। लेकिन राजस्थान में पंजीकृत ट्रेलर सवार दो मृतकों के शव की शिनाख्त शाम तक पुलिस नहीं करा सकी। हलांकि, अमर उजाला ने ट्रेलर नंबर के आधार पर उसके मालिक से फोन पर बात की तो मृतकों का नाम मालूम चल सका।
गुलामीपुर में सुबह छह बजे ट्रक व ट्रेलर में टक्कर हुई थी। घटना में ट्रेलर चालक और खलासी तथा व ट्रक ड्राइवर समेत तीन लोगों की मौत हो गई। घटना संज्ञान में आने के बाद खुद मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर शोक संतृप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। वहीं, मौके पर जमा तीन थानों की फोर्स ट्रेलर सवार मृतकों का नाम व पता तक नहीं मालूम कर सकी। जबकि, पुलिस के पास ई-परिवहन एप सहित तमाम ऐसे संसाधन हैं, जिससे आसानी से मृतकों के बाबत पता किया जा सकता था।
इंस्पेक्टर सैनी सुभाष चंद्र चौसरिया ने बताया कि शाम पांच बजे तक ट्रेलर सवारों का नाम-पता मालूम नहीं चल सका है। हालांकि, ट्रेलर मालिक ने दावा किया कि घटना के बाबत पुलिस ने ही उसे फोन करके जानकारी दी थी। ट्रक मालिक व मृतकों के परिजन जयपुर (राजस्थान) से कौशाम्बी के लिए रवाना हो चुके हैं।
छह महीने में ही छिन गया फजला का जीवन साथी, कोहराम
ट्रक चालक शबीहुल की मौत की खबर से उसके घर में कोहराम है। शबीहुल के पिता जफरुल हसन बकरी बेचने का धंधा करते हैं। सबसे बड़े बेटे शबीहुल की शादी छह महीने पहले ही उन्होंने फजला बानो के साथ की थी। बृहस्पतिवार को हादसे में पति की मौत हो जाने की जानकारी के बाद परिजनों में कोहराम है। घरवालों ने बताया कि शबीहुल की मौत से उसकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे में बाल-बाल बजे शबीहुल के दोस्त व चाचा
बृहस्पतिवार सुबह हादसे में शबीहुल की मौत हो जाने की खबर के बाद मृतक के चाचा नदमी हसन, बजरुल कमर कार से घटना स्थल के लिए रवाना हुए। कार शबीहुल का दोस्त गफ्तार चला रहा था। गुलामीपुर स्थित घटना स्थल से महज तीन सौ मीटर पहले रॉग साइड में आ रहे लोडर ने कार में टक्कर मार दिया। घटना में सभी सवार बाल-बाल बचे। घटना में कार क्षतिग्रस्त हो गई है।
हादसे के बाद चार घंटे तक वन-वे रहा हाईवे
गुलामीपुर के समीप कानपुर से प्रयागराज मार्ग पर ट्रक व ट्रेलर की टक्कर में तीन लोगों की मौत के बाद हाईवे को वन-वे कर दिया गया था। हादसे की वजह से ट्रक में लोड बालू सड़क पर फैल गई थी। इसके अलावा दोनों गाड़ियों का मलवा फैला था। पुलिस क्रेन की मदद से दोनों वाहन के केबिन में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू कर रही थी। इसकी वजह से गुलामीपुर व ननमई गांव तक हाईवे का कानपुर-प्रयागराज मार्ग बंद कर दिया गया था। चार घंटे बाद आवागम बहाल कराया गया।
आखिर कौन कर रहा था ट्रक का पीछा
मंझनपुर। जिले के यमुना घाट से बालू लेकर ट्रक-डंपर प्रतापगढ़ अथवा रायबरेली जनपद जाते हैं। इसके लिए दो रास्ते हैं। पहला सिहोरी टोल प्लाजा और दूसरा लेहदरी पुल। इसके बाद ट्रक चालक कैसे बालू लोडकर गुलामीपुर की तरफ तेज रफ्तार से रांग साइड में गाड़ी दौड़ा रहा था? यह इलाके में चर्चा का विषय है। चर्चा रही कि सफेद रंग की एक बोलेरो ट्रक का पीछा कर रही थी। ट्रक में बालू ओवरलोड थी। इस वजह से कयास लगाया जा रहा है कि पीछे करने वाला खनिज अथवा परिवहन विभाग का कोई जिम्मेदार रहा होगा। इसी वजह से रांग साइड में ट्रक चालक गाड़ी लेकर रफ्तार से भाग रहा था।