नई दिल्ली से अगरतला जाने वाली स्पेशल ट्रेन बुधवार रात कौशाम्बी में दुर्घटनाग्रस्त होने से बची। यहां सुजातपुर बम्हरौली रेलवे स्टेशन के समीप अचानक इस ट्रेन के सामने मवेशियों का झुंड आ गया। चपेट में आने से छह मवेशियों की मौत हो गई। करीब 20 मिनट तक ट्रेन स्टेशन पर ही खड़ी रही। गनीमत ये रही कि इस दौरान अन्य गाड़ियां प्रभावित नहीं हुईं। नई दिल्ली से अगरतला के लिए चलाई गई स्पेशल ट्रेन नं.02502 बुधवार रात करीब 2:15 बजे सुजातपुर बम्हरौली रेलवे स्टेशन के समीप पहुंची। यहां पहुंचते ही इसके सामने अचानक छुट्टा मवेशियों का झुंड आ गया। चालक ने ब्रेक लगाने का भरपूर प्रयास किया लेकिन, कामयाबी नहीं मिली। ट्रेन रुकते-रुकते छह मवेशी चपेट में आ गए। जिससे उनके चीथड़े उड़ गए।
वहीं, एक मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ दूर आगे ट्रेन रोकने के बाद ड्राइवर ने घटना की जानकारी रेलवे मुख्यालय को दी। खबर मिलते ही अधिकारियों के पसीने छूट गए। स्टेशन अधीक्षक ने कर्मचारियों संग मौके पर पहुंच मवेशियों के क्षत-विक्षत शव को ट्रैक से हटवाया। तब जाकर 20 मिनट बाद ट्रेन गंतव्य के लिए रवाना हो सकी। अच्छा ये रहा कि पीछे कोई ट्रेन नहीं थी। अन्यथा उसका प्रभावित होना तय था। वहीं स्पेशल ट्रेन के चालक ने भी सूझबूझ से काम लिया। नतीजा रहा कि ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गई।