Kaushambi : करीबी व रिश्तेदारों के लाइसेंसी असलहे से रौब गालिब करता था कवि का कुनबा, फोटो वायरल
माफिया अतीक के शूटर अब्दुल कवि के परिवारवालों को भी असलहों का शौक था। घर में भले ही एक ही इकनाली बंदूक का लाइसेंस था लेकिन उसका अधिवक्ता भाई अब्दुल कादिर लाइसेंसी असलहों का दीवाना था।
विस्तार
माफिया अतीक के शूटर अब्दुल कवि के परिवारवालों को भी असलहों का शौक था। घर में भले ही एक ही इकनाली बंदूक का लाइसेंस था लेकिन उसका अधिवक्ता भाई अब्दुल कादिर लाइसेंसी असलहों का दीवाना था। अब्दुल कादिर की लाइसेंसी असलहों के साथ कई फोटो वायरल हुईं हैं। माना जा रहा है कि यह लाइसेंस अब्दुल कवि ने अपने करीबी व रिश्तेदारों के नाम पर कराया होगा और उनका इस्तेमाल परिवार के लोग करते थे। पुलिस अब शूटर के रिश्तेदारों के नाम जारी शस्त्र लाइसेंस की कुंडली निकाल रही है।
राजूपाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल व उनके दो सरकारी गनर की हत्या के बाद पुलिस की निगाहें माफिया अतीक के शूटर अब्दुल कवि पर तिरछी हो गईं हैं। हत्याकांड के बाद तीन मार्च को अब्दुल कवि के यहां शूटरों के ठहरने की जानकारी के बाद पुलिस ने दबिश दी। शूटर से तो नहीं मिले लेकिन तमाम नाजायज असलहें मिले। इस मामले में चार मार्च को पुलिस को अब्दुल कवि समेत परिवार के 11 सदस्यों के खिलाफ गंभीर धारा में मुकदमा दर्ज किया।
पेशे से अधिवक्ता है कादिर
घटना में नामजद किया गया अब्दुल कवि का एक भाई अब्दुल कादिर अधिवक्ता है। कादिर को असलहों का शौक था। यह बात उसकी असलहों के साथ वायरल हो रही तस्वीरों से तस्दीक हो रही है। अब सवाल यह है कि जब अब्दुल कवि के परिवार में उसके पिता अब्दुल गनी के पास ही इकनाली बंदूक का लाइसेंस था तो रायफल सहित कई असलहें अब्दुल कादिर के पास पहुंचे कैसे? तस्वीरों में अलग-अलग मुद्रा में कादिर असलहों का प्रदर्शन करता दिख रहा है।
रिश्तेदारों की भी बढ़ सकती हैं मुश्किलें
पुलिस ने कादिर को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। अब उन असलहों की तलाश की जा रही है जिनके साथ कादिर की फोटो हैं। माना जा रहा है माफिया अतीक के साथ रहने के दौरान शूटर कवि ने अपने रिश्तेदारों व करीबियों के नाम पर शस्त्र लाइसेंस कराया होगा। यहीं लाइसेंस का इस्तेमाल अब्दुल कवि के घरवाले करते थे। इसके अलावा भूमि पर कब्जे आदि की भी जानकारी जुटाई जा रही है। बालू के खनन में भी शूटर के कनेक्शन को जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस विभाग के सूत्रों की मानें तो अब्दुल कवि के करीबियों व रिश्तेदारों की भी मुसीबत बढ़ सकती है।