कौशांबी : बेकाबू ट्रैक्टर की चपेट में आकर मां-बेटे की मौत, बच्चों के साथ मायके जा रही थी महिला
सीओ सिराथू के दफ्तर के समीप शुक्रवार दोपहर गंगा की रेत लादकर जा रहे ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे की मौत हो गई। घटना में बाइक चला रहा महिला का नंदोई और साथ बैठी बेटी बाल-बाल बची।
विस्तार
सीओ सिराथू के दफ्तर के समीप शुक्रवार दोपहर गंगा की रेत लादकर जा रहे ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे की मौत हो गई। घटना में बाइक चला रहा महिला का नंदोई और साथ बैठी बेटी बाल-बाल बची। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लिया है। कोखराज कोतवाली क्षेत्र के शहजादपुर निवासी जीतेंद्र कुमार दिवाकर की ससुराल फतेहपुर जिले के टेकारी गांव में है। बृहस्पतिवार को ससुराल में पत्नी के भतीजी की शादी थी। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जीतेंद्र की पत्नी सुनीता (24) अपने बेटे कार्तिक (2) व बेटी दिव्यांशी के साथ गई थी।
शुक्रवार को सुनीता अपने नंदोई सैनी कोतवाली के साढ़ो गांव निवासी बालचंद्र के साथ बाइक से ससुराल जा रही थी। बाइक पर उसके बच्चे भी थे। दोपहर करीब एक बजे जैसे ही वह लोग सीओ सिराथू के दफ्तर के समीप पहुंचे तभी कड़ा की तरफ से गंगा की रेत लादकर सिराथू की ओर जा रहे ट्रैक्टर ने सामने से टक्कर मार दी।
हादसे में सुनीता व उसकी गोद में रहा कार्तिक पहिए के नीचे आ गए। घटना में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, बालचंद्र व दिव्यांशी छिटककर दूर जा गिरे। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। मामला सीओ सिराथू के ऑफिस व सैनी कोतवाली के समीप होने के कारण पुलिस भी तत्काल मौके पर आ गई। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया है। खबर मिलते ही परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मां-बेटे के शव को कब्जे में लिया। मामले में मृतका के ससुर राम प्रकाश दिवाकर ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
मासूम दिव्यांशी को क्या पता अब नहीं रहे मां व भाई
दुर्घटना में बाल-बाल बची मृतका सुनीता की तीन वर्षीय बेटी मौके पर जुटी भीड़ को देख हक्का-बक्का थी। उसे नहीं मालूम था कि मां और भाई अब दुनिया में नहीं रहे। दिव्यांशी के घर से जब परिवार के लोग रोते-बिलखते पहुंचे तो मासूम की आंखों में आंसू भर आए। घरवाले दिव्यांशी को कलेजे से लगा दहाड़ मारकर रो रहे थे।
काश! सुनीता मायके वालों की बात मान लेती
सुनीता व उसके मासूम बेटे कार्तिक की ट्रैक्टर से कुचल कर मौत हो जाने की खबर से उसके मायके टेकारी में भी कोहराम मच गया। मायके से तमाम लोग रोते बिलखते सिराथू पहुंचे। महिलाएं रो-रोकर कह रहीं थी कि सुनीता को आज जाने से कई बार रोका गया, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी। अगर सुनीता बात मान लेती तो यह दुखद मंजर नहीं देखना पड़ता।