Kaushambi : प्राइमरी स्कूल में सहायक अध्यापक ने बच्चों से धुलवाई अपनी कार, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
बच्चों द्वारा स्कूल में कार साफ कराए जाने का वीडियो प्रसारित होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि जिस कार की बच्चे साफ सफाई कर रहे हैं वह स्कूल में तैनात सहायक अध्यापक दुर्गापति त्रिपाठी की है।
विस्तार
चायल ब्लाक के इंग्लिश मीडियम प्राइमरी स्कूल कठरा में तैनात सहायक अध्यापक बच्चों से अपनी कार साफ करवा रहे थे। इस दौरान किसी ने बच्चों द्वारा कार धुलाई करने का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। शनिवार को प्रभारी बीईओ नीरज कुमार उमराव ने स्कूल पहुंचकर मामले की जांच कर दोषी शिक्षक के खिलाफ विभागीय कार्यवाई करने की बात कही है।
इंग्लिश मीडियम प्राइमरी स्कूल कठरा में कुल 307 बच्चों का नामांकन है। वहां पर प्रधानाध्यापक सुखलाल चौधरी समेत सहायक अध्यापक भीम प्रकाश, दुर्गापति त्रिपाठी, रागिनी मिश्रा, अर्चना सिंह व शिक्षामित्र रुद्रदेव मिश्रा, प्रतिमा देवी, गुड़िया की तैनाती है। शनिवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ, जिसमें दिखाई पड़ रहा है कि स्कूल परिसर में खड़ी बगैर नंबर प्लेट लगी ब्रेजा कार की कुछ स्कूली बच्चे धुलाई व साफ सफाई कर रहे हैं।
बच्चों द्वारा स्कूल में कार साफ कराए जाने का वीडियो प्रसारित होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि जिस कार की बच्चे साफ सफाई कर रहे हैं वह स्कूल में तैनात सहायक अध्यापक दुर्गापति त्रिपाठी की है। यह मामला भी सर्दियों का है। क्योंकि वीडियो में कुछ बच्चे ऊनी कपड़े व जैकेट पहने दिखाई पड़ रहे हैं। वीडियो के बारे में जानकारी लेने पर प्रधानाध्यापक सुखलाल चौधरी ने बताया कि वीडियो पुराना है, लेकिन उनके विद्यालय का ही है। जिस दिन का मामला है वह उस दिन मौजूद नहीं थे।
इस मामले में प्रभारी बीईओ नीरज कुमार उमराव का कहना है कि वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर जांच की जा रही है। यदि सहायक अध्यापक दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।