Kaushambi : प्रधान के उत्पीड़न से आजिज किसान जहर खाकर पहुंचा कोतवाली, मौत
सैनी के लोंहदा गांव का एक किसान बुधवार को जहर खाकर कोतवाली पहुंच गया। हालत गंभीर देख पुलिस कर्मी सीएचसी सिराथू ले गए। जहां, उसकी मौत हो गई। मृतक ने शरीर व कागज में लिखे सुसाइड नोट में मौत की वजह ग्राम प्रधान का उत्पीड़न बताया।
विस्तार
सैनी के लोंहदा गांव का एक किसान बुधवार को जहर खाकर कोतवाली पहुंच गया। हालत गंभीर देख पुलिस कर्मी सीएचसी सिराथू ले गए। जहां, उसकी मौत हो गई। मृतक ने शरीर व कागज में लिखे सुसाइड नोट में मौत की वजह ग्राम प्रधान का उत्पीड़न बताया। मृतक के बेटे ने ग्राम प्रधान व उसके भाइयों पर जहरीला पदार्थ खिलाने की तहरीर दी। शिकायत के बाद भी पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाकर परिजनों ने हंगामा भी किया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
लोंहदा गांव निवासी रामबाबू तिवारी (48) खेती करते थे। आरोप है कि चुनाव में विपक्ष का साथ देने की वजह से ग्राम प्रधान उससे चुनावी रंजिश रखता था। हफ्ते भर पहले प्रधान ने एक व्यक्ति को प्रधानमंत्री आवास दिलाने का लालच देकर उसकी नाबालिग बेटी से दुष्कर्म का आरोप लगाकर रामबाबू के बेटे धन्नू तिवारी को जेल भेजवा दिया। मामले में सुलह-समझौता कराने के लिए 20 लाख रुपये की मांग करता था।
आरोप है कि रुपये नहीं देने पर परिवार को फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहा था। शिकायत के बावजूद पुलिस के कार्रवाई नहीं करने व प्रधान के उत्पीड़न से तंग आकर रामबाबू बुधवार दोपहर दो बजे जहरीला पदार्थ निगल कर कोतवाली पहुंच गया। हालत गंभीर देख पुलिस कर्मी फौरन उसे अस्पताल ले गए। जहां चेकअप के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर सुन परिजन अस्पताल पहुंच गए। ग्राम प्रधान व उसके साथियों पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग करते हुए हंगामा करने लगे।सीओ सिराथू अवधेश कुमार विश्वकर्मा, सैनी इंस्पेक्टर बृजेश कुमार करवरिया ने कार्रवाई का आश्वासन देकर सभी को शांत कराया। बेटे अक्षय ने ग्राम प्रधान भूप नारायण पाल, उसके भाई विपिन पाल, जागेश्वर पाल, जगत नारायण पाल व अटसरांय निवासी धर्मेंद्र पाल पर जहरीला पदार्थ खिलाकर मार डालने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटना की छानबीन कर रही है।
विवादों से प्रधान का गहरा नाता, दर्ज हो चुके हैं कई मुकदमे
आरोपी ग्राम प्रधान का विवादों से पुराना नाता है। दो साल पहले भूमि विवाद को लेकर प्रधान व उसके भाइयों ने पड़ोसियों पर कुल्हाड़ी से हमला कर जख्मी कर दिया था। इस मामले में उसके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज हुआ था। इसके अलावा डेढ़ वर्ष पहले फर्जी भुगतान करने से इन्कार पर आरोपी ने सचिव को बंधक बनाकर पीटा था। मामले में ग्राम पंचायत सचिव राजमणि की तहरीर पर पुलिस ने प्रधान के खिलाफ मारपीट व एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास सहित अन्य योजनाओं से लाभान्वित करने के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप अक्सर लगते रहते हैं।
दुष्कर्म के आरोपी का पिता सल्फास खाकर कोतवाली पहुंचा था। हालत गंभीर देख पुलिस कर्मियों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां, उसकी मौत हो गई। मृतक के बेटे ने ग्राम प्रधान व उसके भाई समेत पांच आरोपियों के खिलाफ जहर खिलाकर मारने की तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। सभी बिंदुओं की गहराई से जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -राजेश कुमार, एसपी