सनसनी : मॉर्निंग वॉक पर निकले किशोर की हत्या कर पानी की टंकी में फेंका शव
संभुई गांव निवासी अशोक कुमार साहू किसानी के साथ गांव में ही परचून की दुकान चलाते हैं। अशोक का सबसे बड़ा बेटा सूरज उर्फ निरहू (15) ने इसी साल गांव के परिषदीय स्कूल से आठवीं की परीक्षा पास की है।
विस्तार
सैनी कोतवाली के संभुई गांव में रविवार सुबह एक किशोर का उसी के सबमर्सिबल में बनी पानी की टंकी में शव उतराता मिला। किशोर रोजाना की तरह सुबह टहलने निकला था। सूचना पर पहुंचे सीओ सिराथू और इंस्पेक्टर तेज प्रताप सिंह ने शव बाहर निकलवाया। किशोर की हत्या किसने व क्यों की, इसका खुलासा नहीं हो सका। पुलिस भी मौत का कारण स्पष्ट नहीं बता पा रही है।
संभुई गांव निवासी अशोक कुमार साहू किसानी के साथ गांव में ही परचून की दुकान चलाते हैं। अशोक का सबसे बड़ा बेटा सूरज उर्फ निरहू (15) ने इसी साल गांव के परिषदीय स्कूल से आठवीं की परीक्षा पास की है। रोज की तरह रविवार भोर करीब चार बजे टहलने के लिए अपने नलकूप की तरफ गया था। इसके बाद वापस नहीं लौटा। सुबह करीब छह बजे गेहूं की कटाई के लिए खेतों की तरफ गए किसानों ने अशोक के सबमर्सिबल में बनी टंकी में उसके बेटे सूरज का शव उतराता देखा तो दंग रह गए।
घटना की जानकारी तत्काल परिजनों को दी गई। सूचना पर रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे। घरवालों की सूचना पर सीओ सिराथू भी फोर्स के साथ आ गए। पुलिस ने शव बाहर निकलवाया। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। माना जा रहा है कि सूरज की हत्या कहीं और करने के बाद शव को उसकी टंकी में लाकर फेंक दिया गया।
सबमर्सिबल की टंकी में किशोर का शव मिलने की सूचना मिली है। किशोर की मौत कैसे हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। परिवार के लोग अगर कोई तहरीर देते हैं तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। - योगेंद्र कृष्ण नारायण सिंह, सीओ सिराथू
टंकी में था सिर्फ डेढ़ फिट पानी तो कैसे डूबा साढ़े चार फिट का सूरज
संभई गांव में सूरज साहू को प्लान प्रूफ तरीके से मौत के घाट उतारा गया है। हत्या भी कहीं और करने के बाद शव को उसके सबमर्सिबल की टंकी में लाकर फेेंका गया है। घटना स्थल के हालात खुदकुशी से इत्तेफाक नहीं रख रहे हैं। इसके बाद भी पुलिस और परिजन इस मामले में कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं।
सैनी कोतवाली के संभुई गांव निवासी अशोक साहू किसानी करते हैं। उन्होंने खेत की सिंचाई के लिए खुद का सबमर्सिबल लगा रखा है। पानी की धार जहां गिरती है, वहां पर उन्होंने टंकी बनवा रखी है। यह टंकी सात फिट लंबी, तीन फिट चौड़ी और चार फिट गहरी है। इन दिनों सिंचाई का काम नहीं होने के कारण काफी दिनों से सबमर्सिबल बंद था। जिसके कारण टंकी में सिर्फ डेढ़ फिट पानी भरा था, बाकी टंकी खाली थी। ऐसे में साफ है कि साढ़े चार फिट लंबा सूरज डेढ़ फिट गहरे पानी में कैसे डूब सकता है।