कासगंज। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने शनिवार को सामाजिक और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। एसडीएम संजीव कुमार को राष्ट्रपति को संबोधित पांच सूत्री ज्ञापन सौंपा गया। बजरंग दल के जिला संयोजक गोविंद महेरे के नेतृत्व में आयोजित इस पैदल मार्च में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। मार्च शांतिपूर्ण तरीके से प्रभु पार्क से शुरू होकर सदर एसडीएम कार्यालय तक पहुंचा, जहां एसडीएम संजीव कुमार को ज्ञापन सौंपा गया।जिला संयोजक ने कहा कि कुछ व्यावसायिक, शैक्षणिक, जिम और कोचिंग संस्थानों में युवाओं से जुड़े मामलों में बढ़ती घटनाओं को लेकर चिंता बनी हुई है। हिंदू युवतियों को लव जेहाद के जाल में फंसाया जा रहा है। हिंदुओं का मतांतरण हो रहा है। विहिप जिला अध्यक्ष प्रमोद साहू ने कहा कि भूमि उपयोग और सार्वजनिक संपत्तियों के मामले में पारदर्शिता जरूरी है। उन्होंने कुछ स्थानों पर अवैध निर्माण और भूमि उपयोग को लेकर चिंता जताई और इस दिशा में प्रशासनिक सख्ती की मांग की।इसके अलावा, प्रशासन से विभिन्न स्तरों पर निगरानी व्यवस्था मजबूत करने और समाज में शांति व सौहार्द बनाए रखने के लिए ठोस उपाय अपनाने की मांग भी की गई।इस दौरान विहिप धर्म प्रचार प्रमुख जगदीश विरथरे, विहिप विभाग संगठन मंत्री नकुल चौधरी, विभाग मंत्री विनय राज माहेश्वरी, बजरंग दल विभाग संयोजक अमरीश वशिष्ठ, विहिप जिला मंत्री नवीन सक्सेना, नगर अध्यक्ष चंद्र प्रकाश आर्य, उपाध्यक्ष ललित बिड़ला, सुरेश मिश्रा, जिला सह संयोजक विनोद कुशवाहा आदि मौजूद रहे।