कमरे में साड़ी से लटका मिला युवक का शव, मोहब्बत में हुई पिटाई से था दुखी
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तलैया फजल इमाम निवासी सुरेश चंद्र राजपूत का बेटा रिंकू (24) राजपूत हलवाई की दुकान पर कारीगर था। रविवार को मोहल्ले के ही एक युवक से उसका एक महिला से प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद हो गया था। मामला बढ़ने पर मारपीट हो गई थी। इसके बाद रात को रिंकू घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में सोने चला गया।
शव साड़ी के फंदे से लटका मिला
सुबह उसका भाई रविशंकर कमरे में गया तो उसे रिंकू का शव साड़ी के फंदे से लटका मिला। उसके शोर मचाने पर परिवार व मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस को पूछताछ के दौरान जानकारी हुई कि रविवार को रिंकू की प्रेम प्रसंग को लेकर मोहल्ले के ही युवक से मारपीट हो गई थी। इससे वह दुखी था और उसने फांसी लगाकर जान दे दी। रिंकू तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। सबसे बड़ा रविशंकर और सबसे छोटा भाई गोपाल है। मां मुन्नी देवी व बहन अर्चना रो-रोकर बुरा हाल है।