Hamirpur: बाबा साहब को अपमानित करने वाला युवक गिरफ्तार, पुलिस ने बसपा नेता की तहरीर पर दर्ज किया मुकदमा
Hamirpur News: भरुआ सुमेरपुर थाना क्षेत्र में बाबा साहब पर अभद्र टिप्पणी करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बसपा नेता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है।
विस्तार
हमीरपुर जिले में भरुआ सुमेरपुर थाना क्षेत्र में संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को सोशल मीडिया में अपशब्दों को प्रयोग करने पर बसपा नेता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हो गया। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
ग्राम पंचायत बांकी के मजरा धरमपुर निवासी बबलू गुप्ता ने सोशल मीडिया पर बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर को अपशब्द लिखे और वीडियो में भी बोले। इसके वायरल होते ही दलित संगठनों में आक्रोश पनप गया। बसपा जिलाध्यक्ष राघवेंद्र अहिरवार ने युवक के खिलाफ थानाध्यक्ष को पत्र लिखकर आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार किया
साथ ही जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर आपसी सौहार्द खराब करने वाले व बाबा साहब के खिलाफ अपशब्द करने पर मुकदमा दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने बताया कि कस्बे के दूध डेयरी रोड निवासी सुमित सम्राट की तहरीर पर आरोपी बबलू गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके गिरफ्तार किया गया है।