बिजली संकट से ‘पानी की किल्लत’: नहीं चले 30 से ज्यादा ट्यूबवेल और पंपिंग स्टेशन, छह लाख की आबादी बेहाल
बिजली सकंट के चलते 30 से ज्यादा ट्यूबवेल और जोनल पंपिंग स्टेशन नहीं चल पाए। इसकी वजह से छह लाख से ज्यादा लोग परेशान हुए। वहीं, जूही बम्बुरहिया में किराए के जनरेटर से सबमर्सिबल चला, तो पानी के लिए लंबी लाइन लग गई।
विस्तार
कानपुर में बिजली संकट की वजह से दूसरे दिन शनिवार को 80 मोहल्लें में करीब पांच लाख शहरवासी पानी किल्लत का सामना करने के लिए मजबूर रहे। जूही बम्बुरहिया में किराए के जनरेटर से सबमर्सिबल चलवाकर लोगों ने प्यास बुझाई। जलकल विभाग के टैंकर भी नाकाफी साबित हुए।
बारादेवी चौराहे के पास किदवईनगर एस-ब्लाक स्थित जोनल पंपिंग स्टेशन विद्युत फाल्ट की वजह से तीन दिन से बंद है। इस वजह से जूही बम्बुरहिया, बारादेवी, नटवनटोला, लुधौरा, हमीरपुर रोड आदि मोहल्लों में 30 हजार से ज्यादा लोगों को पानी संकट का सामना करना पड़ रहा है।
इन मोहल्लों में लगे सबमर्सिबल भी नहीं चल पा रहे हैं। लोगों को प्यास बुझाने के लिए भी आधा से एक किलोमीटर दूर से एक-एक बाल्टी पानी लाना पड़ रहा था। निवर्तमान पार्षद सुनील कनौजिया ने बताया कि उन्होंने किराए का जनरेटर मंगाकर सबमर्सिबल चलवाया, तो पानी भरने वालों की भीड़ लग गई।
कई जगह पानी भरने के लिए हुआ झगड़ा
झगड़े की नौबत आते देख उन्होंने लाइन लगवाई और तब लोगों ने पानी भरा। हाईटेंशन लाइन टूटने से तीन जेडपीएस, दो नलकूप बंद- बर्रा में हाईटेंशन लाइन टूटने से भूतबंगला जोनल पंपिंग स्टेशन(जेडपीएस), उस्मानपुर जेडपीएस, राजीव पार्क जेडपीएस, भूतबंगला नलकूप और उस्मानपुर नलकूप बंद रहे।
विभाग दे रहा जल संकट का हवाला
जलकल विभाग ने केस्को के अधिकारियों से पानी संकट का हवाला देकर हाईटेंशन लाइन को जुड़वाने का आग्रह किया, पर केस्को कर्मियों की हड़ताल की वजह से टूटी हाईटेंशन लाइन नहीं जुड़ पाई। ये जेडपीएस और नलकूप न चलने से इनसे संबंधित मोहल्लों में ही करीब सवा लाख लोगों को नलों से पानी नहीं मिला।
इन मोहल्लों में भी रहा पानी संकट
जूही लाल कॉलोनी, बर्रा, विश्वबैंक कालोनी, किदवईनगर, हमीरपुर रोड, जूही सफेद कालोनी, जूही हरी कालोनी, नौबस्ता, नवाबगंज, निरालानगर, गोविंदनगर, पनकी, जाजमऊ, सनिगवां, यशोदानगर, गोपालनगर, मछरिया, हंसपुरम, बाबानगर, बौद्धनगर, आदि मोहल्लों में पानी की भीषण किल्लत रही।
जिन मोहल्लों में जलकल विभाग या जल निगम की पानी की आपूर्ति नहीं है, वहां भी बिजली गुल होने के कारण घरों में लगे सबमर्सिबल नहीं चल पाए। लोग पानी के लिए तरसते रहे। वाटर एटीएम में दिनभर लाइन लगी रही। हजारों लोगों ने पानी खरीदकर प्यास बुझाई।