Kanpur: हाई सिक्योरिटी बैरक में विक्की सोनी शिफ्ट, साजिश हुई थी नाकाम, जेल प्रशासन ने की पूछताछ
जेल में बंद शातिर अपराधी विक्की सोनी के पिस्टल मंगाने और स्पेशल ड्यूटी लगाने के खेल की जांच क्राइम ब्रांच को दी गई है। उसने पेशी के दौरान पिस्टल उपलब्ध कराने के लिए असलहा तस्कर से संपर्क किया था।
विस्तार
कानपुर में जेल में बंद शातिर अपराधी विक्की सोनी हाई सिक्योरिटी बैरक में शिफ्ट कर दिया गया है। जेल प्रशासन की जांच में विक्की ने पेशी के दौरान भागने की साजिश को भी कबूल किया है। उसको पुलिस नाकाम कर चुकी है। उसने बताया कि वह पेशी के वक्त फरार होने वाला था, लेकिन वर्चुअल पेशी होने की वजह से वह निकल ही नहीं पाया।
विक्की पर 24 घंटे कड़ी निगरानी की जा रही है। नौबस्ता निवासी विक्की सोनी हत्या के केस में सात साल पहले जेल गया था। तीन साल पहले वह पेशी से फरार हो गया था। डेढ़ साल पहले एसटीएफ ने उसको मुठभेड़ में गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
27 सितंबर को जब वह पेशी पर आया था, तो उसने एक असलहा तस्कर से मुलाकात कर कहा था कि उसको पिस्टल मुहैया कराओ, दस अक्तूबर को वह फरार होगा। जानकारी होने पर पुलिस ने पेशी वर्चुअल कराई थी। डीसीपी क्राइम को पुलिस कमिश्नर ने जांच सौंपी है। प्रकरण की जानकारी होने पर जेल प्रशासन ने अपने स्तर से विक्की सोनी से पूछताछ की।
उसने बताया कि इसके पहले जब पेशी हुई थी तब वह वकील के चैंबर में काफी देर तक रहा था। कुछ लोगों से मुलाकात की थी। यह भी कहा कि वह मौका पाकर दस अक्तूबर को फरार होने की फिराक में था, लेकिन साजिश नाकाम हो गई।
कमिश्नरी को भेजी रिपोर्ट, जल्द गिरेगी गाज
जेल के एक बंदी व कैदी को सोमवार को पुलिस अभिरक्षा में एम्बुलेंस से हैलट लाया गया था। पुलिसकर्मी दोनों को लेकर इधर उधर घूमते रहे थे, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस दौरान नश्ता-पानी भी किया गया और सिगरेट भी पिलाई गई।
शुरुआती जांच में सामने आया था कि एचसीपी सूरज पाल सिंह, सिपाही संदीप त्यागी, अभय कुमार व संदीप सुरक्षा में शामिल थे। संदीप व अभय कमिश्नरी के हैं,जबकि अन्य दोनों जेल पुलिस के हैं। जेल प्रशासन ने कमिश्नरी पुलिस को मामले की रिपोर्ट भेज दी है। अपने स्तर से जांच भी कर रही है। जल्द इन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई होगी।