Auraiya Crime: शातिर मां-बेटी ट्रेनों में करती थीं चोरी, GRP ने किया गिरफ्तार, बरामद हुआ ये सामान
दिबियापुर थाना क्षेत्र में जीआरपी ने ट्रेनों में चोरी करने वाली मां-बेटी को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से रेल यात्रियों से चुराए गए तीन मोबाइल समेत 50 हजार का सामान बरामद हुआ है।
विस्तार
औरैया जिले के दिबियापुर थाना क्षेत्र में ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी करने वाली आगरा निवासी मां बेटी को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई मां बेटे के पास से पुलिस ने चोरी किए गए आभूषण, मोबाइल समेत कीमती सामान बरामद होने का दावा किया है।
मां-बेटी के खिलाफ आगरा, मथुरा समेत कई जनपदों में मुकदमे दर्ज हैं। फफूंद रेलवे स्टेशन के जीआरपी चौकी प्रभारी जयकिशोर के साथ जीआरपी और आरपीएफ की महिला टीम ने मंगलवार सुबह दो संदिग्ध महिलाओं को फफूंद रेलवे स्टेशन पर पकड़ा।
पुलिस को दोनों संदिग्धों के पास से एक सोने की अंगूठी, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 1740 रुपए नगद समेत लगभग 50 हजार कीमत का चोरी का सामान बरामद हुआ। चौकी प्रभारी जयकिशोर के अनुसार दोनों महिलाएं आपस में मां-बेटी हैं।
पूछताछ में दोनों ने अपना नाम खुशहाली का नगला राजीव सिनेमा के पास शाहगंज आगरा निवासी सुमन पत्नी मांगे राम उर्फ मांगेला एवं बेटी ने अपना नाम अनीता पत्नी संजू उर्फ राजवीर बताया है। चौकी प्रभारी ने बताया कि दोनों अंतर जनपदीय शातिर चोर हैं।
स्टेशनों और ट्रेनों में करती थीं चोरी
मां बेटी ने बताया कि वह लोग रेलवे स्टेशनों व ट्रेनों में चोरी करते हैं। सबसे पहले वह लोग प्लेटफार्म टिकट लेकर रेलवे स्टेशन पर अंदर आ जाते हैं। उसके बाद प्लेटफार्म, यात्री प्रतीक्षालय में भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर घूमते हुए यात्रियों पर नजर बनाए रखते हैं।
मजबूरी बताकर बेचते थे सामान
जब यात्री अपना बैग, पर्स रखकर और मोबाइल फोन चार्जिंग में लगाकर सो जाते हैं। तब वह लोग मौका पाकर सामान चुरा लेते हैं। चोरी किए सामान और मोबाइल फोन को आते जाते लोगों को अपनी मजबूरी बताकर सस्ते में बेच देते हैं।
मां-बेटी पर दर्ज हैं कई मुकदमें
उन्होंने बताया कि दोनों मां बेटी पर आगरा, मथुरा, इटावा में चोरी और गैंगस्टर एक्ट में मुकदमे दर्ज हैं। 12 फरवरी को कोटा पटना एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे बिहार प्रदेश के वैशाली निवासी आशीष कुमार झा का सामान चोरी के खुलासे का दावा जीआरपी ने किया है।