UP Weather Update: चिलचिलाती गर्मी...लू से जनजीवन प्रभावित, 45 डिग्री वाली तपन का अहसास, जानें मौसम का हाल
Kanpur Weather: मौसम का मिजाज लगातार गर्म बना है। दिन के बाद अब रात का पारा चढ़ता जा रहा है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री रहा, लेकिन लोगों को 45 डिग्री सेल्सियस वाली गर्मी का अहसास हुआ। तेज धूप व गर्म हवा के कारण दोपहर में अधिकांश सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
विस्तार
कानपुर शहर के लोगों को वास्तविक तापमान से कहीं ज्यादा गर्मी का एहसास हो रहा है। ऐसा वेट बल्ब टेंपरेचर की स्थिति में पसीने का वाष्पीकरण न होने की वजह से हो रहा है। मौसम वैज्ञानियों के अनुसार गुरुवार को अधिकतम पारा 40 डिग्री रहा, लेकिन लोगों को गर्मी 45 डिग्री सेल्सियस जैसी लगी।
सीएसए के मौसम विभाग के प्रभारी डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार तापमान 11 बजे के बाद तेजी से बढ़ रहा है। सुबह 11.3 डिग्री पर रहने वाला पारा कुछ ही देर में 38 डिग्री पर पहुंच गया। कभी-कभी यह उछाल तीन डिग्री सेल्सियस तक की भी होती है। इसके बाद हर घंटे तापमान एक डिग्री बढ़ रहा है।
बादलों की वजह से दिन का पारे में एक डिग्री की गिरावट आई है, लेकिन रात का न्यूनतम तापमान सामान्य औसत से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक हो गया है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। डॉ. पांडेय के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर कानपुर परिक्षेत्र पर नहीं है।
हालांकि, इससे मध्यम श्रेणी के बादल आ गए हैं। इससे रात के तापमान में एक-दो दिन और वृद्धि होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार जलवायु परिवर्तन का असर दिख रहा है। मौसमी गतिविधियों में तेजी से बदलाव आने लगता है। कंकरीट क्षेत्र बढ़ने से नगरीय क्षेत्र हीट आइलैंड बन गए हैं।
उन्होंने बताया कि नगर के सरहदी क्षेत्र जहां पक्के मकान और प्रदूषण कम है। वहां तापमान औसतन दो डिग्री तक घटा रहता है। इसके अलावा तापमान में बढ़ोत्तरी शहर की तुलना में देर से और धीरे-धीरे होती है। अगले पांच दिन मौसम में और परिवर्तन दिखेगा।
लू के थपेड़ों ने झुलसाया,लोग रहे गर्मी से बेहाल
मौसम का मिजाज लगातार गर्म बना है। दिन के बाद अब रात का पारा चढ़ता जा रहा है। इससे लोग गर्मी से बेहाल हो रहे हैं। दिन में लू के थपेड़ों ने लोगों को झुलसाया। तेज धूप व गर्म हवा के कारण दोपहर में अधिकांश सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोग राहत पाने के लिए शीतल पेय पदार्थों का उपयोग करते हुए दिखाई दिए।
मौसम बदलने की संभावना से किसान चिंतित
मौसम वैज्ञानिकों ने अगले पांच दिनों तक बदली छाए रहने और बारिश होने की संभावना जताई है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में तैयार फसल को सुरक्षित करने के लिए किसान जुट गए हैं। वहीं, दोपहर में चटख धूप से काम प्रभावित हो रहा है।
इससे किसान सुबह व शाम को फसल सहेज रहे हैं। किसानों का कहना है कि पल-पल बदल रहा मौसम किसानों के लिए सबसे अधिक परेशानी ला रहा है। पहले गर्मी की वजह से फसल की कटाई में दिक्कत आ रही है। वहीं, अब बारिश हुई, तो तैयार फसल प्रभावित होगी।
तापमान
- अधिकतम - 40 डिग्री सेल्सियस
- न्यूनतम - 23.2 डिग्री सेल्सियस